राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। झाबुआ जिले की सीमा में एक्सप्रेस-वे से गुजरते तेज रफ्तार वाहनों को अचानक असामाजिक तत्वों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। पहाड़ियों से लगातार हो रही पत्थरबाजी के कारण वाहन चालकों और यात्रियों में दहशत का माहौल है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पहाड़ी से एक्सप्रेसवे की ओर पत्थर फेंकता नजर आ रहा है।

आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त, मरीजों की जान पर बनी

अचानक हुए पथराव से एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। पथराव की चपेट में आई कुछ गाड़ियों में गुजरात से इलाज और ऑपरेशन कराकर लौट रहे मरीज तथा उनके परिजन भी सवार थे। 120 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ती गाड़ियों पर अचानक पत्थर लगने से चीख-पुकार मच गई। हालांकि, ड्राइवर के संतुलन बनाए रखने से बड़ा हादसा टल गया।

NHAI ने की पुष्टि, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एनएचएआई (NHAI) रतलाम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप पाटीदार ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक टिमरवानी से करीब 15 किलोमीटर दूर झाबुआ क्षेत्र में पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। हाईटेक निगरानी, सीसीटीवी और पेट्रोलिंग के दावों के बावजूद इस तरह लगातार हो रही पत्थरबाजी ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। संवेदनशील हिस्सों में पर्याप्त रोशनी न होना और पेट्रोलिंग की कमी को लेकर यात्री सवाल उठा रहे हैं।

एक्शन मोड में झाबुआ पुलिस: SP ने खुद संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस अधीक्षक (SP) देवेंद्र पाटीदार देर रात खुद 8-लेन एक्सप्रेसवे के निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने टिमरवानी टोल नाके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।थाना थांदला में 2 अपराध दर्ज: पुलिस ने इस मामले में थाना थांदला में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सख्त निर्देश: एसपी ने संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर सतत पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र मजबूत करने और असामाजिक तत्वों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों से अपील: पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि या पत्थरबाजी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m