संजीव, सोनीपत। नगर निगम चुनाव प्रचार के बीच रविवार को विकास नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब इनेलो के जिलाध्यक्ष कुनाल गहलावत के काफिले पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में उनकी कार का शीशा टूट गया। गहलावत ने इसे चुनाव प्रचार को बाधित करने की साजिश बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पथराव के दौैरान कार की खिड़की का कांच टूटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुनाल गहलावत अपने समर्थकों के साथ ककरोई रोड से चुनाव प्रचार करते हुए विकास नगर की गली नंबर-2 में पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक घर की ओर से उनके काफिले पर पत्थर फेंके जाने लगे। पथराव के दौरान एक पत्थर सीधे उनकी गाड़ी पर आकर लगा, जिससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हमला सुनियोजित
गहलावत ने आरोप लगाया कि यह हमला सुनियोजित तरीके से किया गया है, ताकि उन्हें चुनाव प्रचार से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
सिटी थाना पुलिस को दी गई लिखित शिकायत
घटना के तुरंत बाद उन्होंने सिटी थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी और मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इनलो नेता का बयान
इंडियन नेशनल लोकदल के सोनीपत से जिला प्रधान कुनाल गहलावत जी की गाड़ी पर ईंटों से किया गया हमला न सिर्फ बेहद निंदनीय है बल्कि यह साफ दर्शाता है कि कुछ असामाजिक तत्व लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने के लिए हिंसा का सहारा ले रहे हैं। यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है तो वहीं ऐसे कायराना कृत्य को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। हम प्रशासन से मांग है कि तुरंत प्रभाव से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

