राष्ट्रीय राजधानी में आई तेज आंधी और बारिश का असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया (Air India) के 3 विमान एयरपोर्ट पर रखे ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं और बारिश के दौरान एयरपोर्ट परिसर में मौजूद कुछ उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और पार्किंग बे में खड़े विमानों से टकरा गए। एयरलाइन और तकनीकी टीमों ने प्रभावित विमानों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विमानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सुरक्षा मानकों के अनुरूप निरीक्षण पूरा होने के बाद ही उन्हें दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इसी दौरान विमानों के पास रखे भारी ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट अपनी जगह से खिसककर तीन विमानों से टकरा गए, जिससे उन्हें काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद एहतियातन तीनों विमानों को तत्काल सेवा से हटाकर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया। घटना का असर उड़ान संचालन पर भी पड़ा। कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारियों ने प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
तेज आंधी से फ्लाइट शेड्यूल भी हुआ प्रभावित
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम का असर केवल विमानों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि हवाई अड्डे के सामान्य संचालन पर भी पड़ा। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई उड़ानों के संचालन में बाधा आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रतिकूल मौसम की वजह से कई उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित हुए और कुछ उड़ानों के निर्धारित समय में देरी भी दर्ज की गई।
‘एटीसी ने नहीं दी थी मौसम गड़बड़ाने की सूचना’
एक अधिकारी ने दावा किया कि मौसम के अचानक खराब होने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की ओर से एयरपोर्ट ऑपरेटरों या एयरलाइंस को किसी विशेष मौसम चेतावनी की जानकारी नहीं दी गई थी। उनके अनुसार, मौसम की तीव्रता का पूर्वानुमान नहीं लग पाने के कारण यह घटना हुई। हालांकि, इस मामले में एयर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि खराब मौसम का असर अन्य एयरलाइंस के विमानों और उनके संचालन पर भी पड़ा है, हालांकि सबसे अधिक नुकसान एयर इंडिया के तीन विमानों को हुआ।
एयरलाइन और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें विमानों को हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त तीन विमानों में से दो को मरम्मत के बाद जल्द ही दोबारा सेवा में शामिल किए जाने की संभावना है। वहीं तीसरे विमान की स्थिति का विस्तृत तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है।
दिल्ली में सोमवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान
राजधानी में रविवार को गर्मी का असर जारी रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को आमतौर पर आसमान साफ रहने की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर मौसम में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की संभावना है। वहीं, वायु गुणवत्ता के मोर्चे पर दिल्ली की स्थिति फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 144 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘अत्यंत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। इस आधार पर दिल्ली की मौजूदा वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

