सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र स्थित रामबन देवी माई स्थान के समीप एक पोखर से अनोखी मछली मिलने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का दावा है कि इस मछली की चार आंखें हैं, जिससे इलाके में यह चर्चा का विषय बनी हुई है। कथित चार आंख वाली मछली को देखने के लिए पोखरे के पास लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

4 किलो के करीब है मछली का वजन

दरअसल मछुआरे जाल की सहायतासे पोखर से मछली निकाल रहे थे। इसी दौरान उनकी जाल में एक अजीब मछली फंसी। ऐसा दावा किया जा रहा है कि मछली की चार आंखें हैं। कथित चार आंखों वाली इस मछली का वजन करीब 4 किलो बताया जा रहा है। मछुआरों ने बताया कि यह बी ग्रेड प्रजाति की मछली है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मछुआरा रामभरोस सहनी ने बताया कि, अभी तक सैकड़ो पोखरा से मछली जाल के माध्यम से उन्होंने निकाला है। लेकिन ऐसा अजूबे वाली (चार आंख) मछली आज तक उन्होंने नहीं देखी। यह पहला मौका है, जब उन्होंने इस तरह चार आंखों वाली मछली देखी है। सोशल मीडिया पर चार आंखों वाली मछली का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

चर्चा का विषय बनी मछली

वहीं, तालाब के मालिक और किसान नवल किशोर सिंह ने बताया कि, वह बीते 10 सालों से पोखरे में मछली पालन का काम कर रहे हैं और समय-समय पर जाल के माध्यम से मछली को बाहर निकाला जाता है। लेकिन चार आंखों वाली मछली आज उन्होंने पहली बार देखी। फिलहाल चार आंखों वाली मछली क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।

ये भी पढ़ें- दुखद: बेटी की विदाई से पहले उठी अर्थी, बारात के स्वागत में जुटे पिता को स्कॉर्पियो ने रौंदा