अंबाला में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में भिवानी की बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए योग में तीन गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता है।
अजय सैनी, भिवानी। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन अगर मिल जाए तो सफलता कदम चूमती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है स्थानीय हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट के बैनर तले संचालित श्री हनुमान योग केंद्र की तीन होनहार बेटियों ने। अंबाला में 23 से 25 जून तक आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में इन बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ना केवल भिवानी बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता के गुरुग्राम क्षेत्र के तहत आने वाले हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अनेक केंद्रीय विद्यालयों के शीर्ष खिलाडिय़ों ने भाग लिया था, जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इन बेटियों ने पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए चयन
श्री हनुमान योग केंद्र के योग इंस्ट्रक्टर विक्रम कांगड़ा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कड़ा अभ्यास करने वाली इन खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा बनाया। प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग में योगा खिलाड़ी विधि ने स्वर्ण पदक, अंडर-19 आयु वर्ग में इशिका ने स्वर्ण पदक तथा यश कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इन तीनों पदक विजेता बेटियों का चयन आगामी राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए हो गया है। तीनों पदक विजेता बेटियां जीत दर्ज कर हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम पहुंचीं, वहां का माहौल उत्सव जैसा हो गया। मंदिर के महंत बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने खुद आगे बढक़र बेटियों का स्वागत किया। उन्होंने पारंपरिक तरीके से बेटियों का हौसला बढ़ाया और अपने हाथों से लड्डू खिलाकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
बेटियों ने लहराया प्रतिभा का परचम
इस मौके पर बालयोगी महंत चरणदस महाराज ने कहा कि आज हमारी बेटियों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह भिवानी और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। हनुमान जोहड़ी धाम का श्री हनुमान योग केंद्र केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी केंद्र है। इंस्ट्रक्टर विक्रम कांगड़ा की मेहनत और इन बेटियों के कड़े संकल्प का ही परिणाम है कि आज इन्होंने तीन राज्यों (हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश) के खिलाडिय़ों के बीच अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं। जब उन्हें सही अवसर और सुरक्षित माहौल मिलता है, तो वे आसमान छू सकती हैं। इस अवसर पर जितेंद्र शर्मा, ओमबीर कौशिक, विक्रम योगी, सुनीता, आशुतोष योगी, गौरव योगी, बाबूलाल सैनी, कुलदीप बुगालिया, जयदीप, विकास, नीलम, राधा, कृष्ण यादव, राजीव मित्तल, आशा, दीपक जांगड़ा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

