शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में खाद्य विभाग ने दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की है। एक शिकायत में लस्सी में कीड़ा मिलने और दूसरी में स्विगी से मंगाए गए पास्ता खाने के बाद बच्चे के होंठ व गाल पर सूजन आने की बात सामने आई। खाद्य विभाग की टीम दोनों जगह पहुंची और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद FSSAI अधिनियम 2006 के तहत उल्लंघन पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहला मामला: बाग सेवनिया स्थित पिज्जा हट
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत मिली थी कि स्विगी के जरिए पिज्जा हट से मंगाए गए पास्ता खाने के बाद एक बालक के होंठ और गाल पर सूजन आ गई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग की टीम तुरंत पिज्जा हट पहुंची। टीम ने वहां से पास्ता, व्हाइट बेस, चीज़ और चीज़ स्प्रेड के सैंपल लिए और जांच के लिए भेज दिए। प्रतिष्ठान को नोटिस भी जारी कर जवाब मांगा गया है।
दूसरा मामला: लालघाटी चौराहे का आनंदम रेस्टोरेंट
यहां एक ग्राहक ने लस्सी में कीड़ा मिलने की शिकायत दर्ज कराई। खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लस्सी, दही, पनीर, सोया चाप तथा बेसन के नमूने जांच के लिए उठाए गए। इस प्रतिष्ठान को भी नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि दोनों प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद अगर FSSAI नियमों का उल्लंघन पाया गया तो दोनों जगहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम खाद्य सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


