सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नियम तोड़ने वालों के चालान काटे जा रहे हैं।
महिला थाना प्रभारी मंजू के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीम सड़क पर उतरकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच कर रही है। खासतौर पर बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों और बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मौके पर ही दी गई ट्रैफिक नियमों की जानकारी
थाना प्रभारी मंजू ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सख्ती भी जरूरी है, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर ही ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे गए।
यह अभियान आगे भी जारी रहेगा
पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि नियमों का पालन करने वाले लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।

