राकेश कथूरिया, कैथल। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने और सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइंस को लागू करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। डीसी अपराजिता ने स्थानीय नगर निकाय और संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक अहम बैठक ली। बैठक में उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नए नियमों की शत-प्रतिशत पालना जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। डीसी ने कहा कि ज्यादा कचरा पैदा करने वाले बड़े संस्थानों (Bulk Waste Generators) की पहचान कर उन्हें कचरा अलग करने के नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
चार अलग-अलग श्रेणियों में बंटेगा कचरा, जल्द जारी होगी एसओपी
बैठक में डीसी अपराजिता ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के तहत कचरा अलग करने (Waste Segregation) के नए नियमों पर सबसे ज्यादा जोर दिया। उन्होंने बताया कि अब घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को मिक्स नहीं किया जा सकेगा, बल्कि उसे अनिवार्य रूप से चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटना होगा, इनें सूखा कचरा (Dry Waste), गीला कचरा (Wet Waste), सेनेटरी वेस्ट (Sanitary Waste), स्पेशल केयर वेस्ट (Special Care Waste) शामिल है।
डीसी ने अधिकारियों को कचरा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इन नियमों को ठीक से लागू करवाने के लिए जल्द ही एक एसओपी (SOP – Standard Operating Procedure) जारी की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकाय और पंचायत विभाग को सौंपी गई है।
बनेगा स्पेशल सेल, नोडल अधिकारी संभालेंगे कमान
कैथल की डीसी अपराजिता ने कहा कि, कचरा प्रबंधन को बेहतर ढंग से चलाने के लिए जिले में एक स्पेशल सेल बनाया जाएगा, जिसमें एक नोडल अधिकारी (Nodal Officer) की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा, पुराने डंप साइट्स की सफाई और बरसों से जमा लेगेसी वेस्ट (Legacy Waste) के निस्तारण को पहली प्राथमिकता में रखकर काम पूरा किया जाएगा। सभी विभाग जल्द से जल्द अपनी तैयारियां पूरी कर लें क्योंकि ये नए नियम तुरंत प्रभाव से लागू होने जा रहे हैं।”
यह बैठक अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के उपायुक्तों को दिए गए निर्देशों के बाद आयोजित की गई थी।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगेगा जुर्माना, बाजारों में होगी चेकिंग
प्रशासन ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक (Single Use Plastic Ban) के खिलाफ भी मुहिम तेज करने की बात कही है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बाजारों और कमर्शियल इलाकों में लगातार छापेमारी और चेकिंग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों और प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ चालान काटने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।

