राम कुमार यादव, अंबिकापुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ती भीड़ एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुविधा के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा विशेष यातायात एवं बाजार प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में अंबिकापुर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया और बाजारों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त और यातायात पुलिस की टीम उपस्थित रही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौधरी ने निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण एवं यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती कर वाहनों एवं पैदल चलने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ पर सामान न रखें तथा ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

सरगुजा पुलिस का उद्देश्य है कि दीपावली का त्योहार आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रहे तथा खरीदारी के दौरान किसी को भी अनावश्यक यातायात जाम या असुविधा का सामना न करना पड़े।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में सहयोग प्रदान करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

