प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत के जिला उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिले को सर्वाइकल कैंसर से मुक्त करने के लिए एक निर्णायक अभियान की घोषणा की है। इस मिशन के तहत 14 से 15 साल की आयु की सभी बच्चियों का टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा। जिसे डीसी ने गर्भाशय कैंसर के विरुद्ध एक जीवन बीमा करार दिया है।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अभियान की सफलता तय करने के लिए जिला सचिवालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इसे केवल एक कार्यक्रम न मानकर एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बनाया जाए। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की है और इसे प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं।
मौत के आंकड़ों पर लगाम लगाने की तैयारी और जागरूकता का महाअभियान
गर्भाशय कैंसर की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शिक्षा विभाग और निजी स्कूलों के साथ मिलकर रणनीति तैयार की है ताकि कोई भी बच्ची इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। आंकड़ों के अनुसार ह्यूमन पैपीलोना वायरस के कारण देश में हर साल हजारों मौतें हो रही हैं जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विशेष टीकाकरण की शुरुआत की थी।
एसडीएम की अध्यक्षता में बैठकें करें
जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे ब्लॉक स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठकें करें, जिसमें निजी स्कूलों की भागीदारी अनिवार्य हो। इस सामाजिक सरोकार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जागरूकता फैलाने का जिम्मा उठाया है जबकि सीएमओ और जिला शिक्षा अधिकारी को शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

