अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के चर्चित ‘वार लोन’ (War Loan) पुनर्भुगतान मामले में नया मोड़ आ गया है। ब्रिटिश सरकार के अड़ियल और टालमटोल वाले रवैये पर समाजसेवी विनय रुठिया ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत पर लीगल नोटिस और तमाम प्रामाणिक दस्तावेज सौंपने के बावजूद अपनी जिम्मेदारी से भागने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह है पूरा मामला
दरअसल सीहोर निवासी विनय रुठिया ने यूनाइटेड किंगडम (UK) सरकार को द्वितीय विश्व युद्ध या तत्कालीन दौर से जुड़े ‘वार लोन’ के रीपेमेंट (पुनर्भुगतान) को लेकर अपने वकील श्रेयांश रानीवाला के माध्यम से एक कानूनी नोटिस भेजा था। नोटिस के जवाब में ब्रिटिश सरकार द्वारा लोन से जुड़े प्रासंगिक दस्तावेज और साक्ष्य मांगे गए थे। रुठिया का दावा है कि उनके पास राजनीतिक एजेंट के हस्ताक्षरयुक्त लिखित अभिलेख व प्रमाण मौजूद हैं, जिन्हें पूर्णतः सत्यापित करवाकर वकील के जरिए ईमेल द्वारा ब्रिटिश अधिकारियों को सौंप दिया गया था।
यूके डेट मैनेजमेंट ऑफिस (DMO) की प्रतिक्रिया
हाल ही में 16 अक्टूबर को यूनाइटेड किंगडम के ‘डेट मैनेजमेंट ऑफिस’ (द मिंस्टर बिल्डिंग कार्यालय, लंदन) के कम्युनिकेशंस विभाग द्वारा रुठिया के वकील को एक आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें यूके प्रशासन ने कहा कि पूरी जांच के बाद उन्हें ऐसा कोई रिकॉर्ड या सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि इस लोन का भुगतान करना यूके सरकार की कानूनी बाध्यता या जिम्मेदारी है।
विनय रुठिया की तीखी आपत्ति
यूके प्रशासन के इस जवाब पर समाजसेवी विनय रुठिया ने कड़ा ऐतराज जताते हुए ब्रिटिश सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। अपनी बात से पीछे हटने का आरोप: रुठिया ने कहा कि पहले ब्रिटिश सरकार लोन का प्रमाणीकरण मांग रही थी, लेकिन जब सभी पुख्ता दस्तावेज और प्रमाण सौंप दिए गए, तो वे अपनी बात से पीछे हट रहे हैं।
स्पष्ट रुख का अभाव
उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके पास हस्ताक्षरयुक्त ऐतिहासिक दस्तावेज मौजूद हैं, तो ब्रिटिश सरकार को लोन की एंट्री और रिडेम्पशन की पूरी स्थिति कानूनी रूप से स्पष्ट करनी चाहिए थी। लेकिन स्पष्ट जवाब देने के बजाय ब्रिटिश सरकार का रवैया हमेशा की तरह टालमटोल वाला बना हुआ है। लंदन स्थित यूके डेट मैनेजमेंट ऑफिस से आए इस आधिकारिक ईमेल और सामने आए बयानों के बाद पूरे क्षेत्र में इस ऐतिहासिक ‘वार लोन’ और कानूनी लड़ाई को लेकर राजनीतिक व सामाजिक गलियारों में चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

