कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने महिला सुरक्षा के दावों पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं। यहां UPSC की तैयारी कर रही युवती ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि एक दबंग ने उसके कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया। जब पुलिस से भी उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपनी मां के साथ जनसुनवाई में पहुंची जहां पीड़िता की मां ने कलेक्टर के पैरों पर गिरकर आंचल फैलाकर बेटी के लिए इन्साफ की मांग की है।
घमापुर निवासी पीड़िता एसपी की पाठशाला की छात्रा है जो इससे जुड़कर UPSC की तैयारी कर रही है। उसकी मां ने पड़ोस के युवक पर बेटी से छेड़खानी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मार्च महीने में हनी बेन नाम के युवक ने बेटी के कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया था।
महिला आज अपनी बेटी के साथ कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की जनसुनवाई में पहुंची। उन्होंने घर के पीछे रहने वाली भागवती बेन और उसके परिवार पर प्रताड़ित और मारपीट करने के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सबूतों के बावजूद पुलिस तीन महीनों से कार्रवाई नहीं कर रही है।
दबंग परिवार से परेशान महिला अपनी बेटी के साथ कलेक्टर के पैरों पर गिर गई। उन्होंने साड़ी का आंचल फैलाकर इंसाफ और जान की सुरक्षा की मांग की। अचानक महिला और उसकी बेटी के पैरों में गिरने से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह असहज हो गए। उन्होंने दोनों को उठाया और तत्काल संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।

