लखनऊ. देश में इन दिनों चारो ओर पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कमी की बातें हो रही हैं. राजनीतिक गलियारे में भी इसकी खूब चर्चा हो रही है. इस बीच प्रदेश की मौजूदा स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी ने राज्य शासन पर निशाना साधा है. सपा ने पेट्रोल और गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सरकार को घेरा. वहीं मंत्री सुरेश खन्ना पर भी बाइक से चलने को लेकर तंज कसा है. पार्टी ने मंत्री से सवाल किया है कि पेट्रोल बचाने का संदेश देते हुए दो दिन पहले जिस साइकिल में मंत्री जी घूम रहे ते वो साइकिल कहां गई?

दरअसल, गोरखपुर में पेट्रोल को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है. जिसे लेकर सपा ने मंत्री सुरेश खन्ना को आड़े हाथों लिया. सपा ने एक्स पर मंत्री सुरेश खन्ना पर सवालिया निशान दागते हुए लिखा कि ‘कुछ दिन पहले सुरेश खन्ना साइकिल से चल रहे थे, कह रहे कि पेट्रोल डीजल बचाना है. अब 2 दिन बाद ही पेट्रोल फूंकने के लिए बाइक पर सवार हो गए हैं, ये कौन सा दोहरा चरित्र और रवैया है? साइकिल कहां गई वो वाली जिसे चला रहे थे महोदय?’

इसे भी पढ़ें : ‘समाजवादी ही देश को और लोकतंत्र को बचाएगी…’, अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा- भाजपा हिटलर के रास्ते पर

अंदरखाने कुछ भी ठीक नहीं- सपा

सपा ने पेट्रोल और गैस की कमी को लेकर लिखा कि ‘यूपी के तमाम जिलों में पेट्रोल डीजल की कमी, रसोई गैस सिलेंडर की कमी, बिजली कटौती इत्यादि से हाहाकार है. कल गोरखपुर में रसोई गैस सिलेंडर की लाइन में मच्छरदानी लगाकर लोगों के सड़कों पर लेटने, बैठने, सोने की खबरें सामने आई थी, आज पेट्रोल डीजल के लिए पेट्रोल पंप पर मारपीट और लंबी-लंबी लाइनों की सूचना है, जो की बेहद शर्मनाक खतरनाक और भयावह है. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ बिष्ट ठाकुर बताएं कि आखिर क्यों यह समस्याएं हैं, जबकि कुछ दिनों पहले वे सब ठीक होने और विपक्ष के द्वारा अफवाह फैलाने के दावे कर रहे थे जबकि सच्चाई सामने है. इसका मतलब भाजपा खुद अफवाह फैलाती है कि सब ठीक है जबकि अंदरखाने कुछ भी ठीक नहीं.’