सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में इंटर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने प्रेम-प्रसंग को लेकर युवक की हत्या कर शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान वैशाली जिले के राजापाकड़ गांव निवासी रूपलाल साह के 18 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष अपने नाना लालबाबू साह के घर पिपरा थाना क्षेत्र के चकबारा बखरी गांव में रहकर पढ़ाई करता था। मृतक के मामा राजन ने बताया कि, आशीष का गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर तीन-चार दिन पहले गांव के कुछ युवकों ने उसकी पिटाई भी की थी और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया था।
परिजनों के अनुसार, इसी बीच आशीष के नाना-नानी इलाज के लिए दिल्ली चले गए थे और वह घर में अकेला रह रहा था। मामा ने बताया कि, घटना वाली रात करीब 8:30 बजे आशीष ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वही लोग फिर से उसके घर पर आए हैं और उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं। इसके करीब 10 से 15 मिनट बाद फोन आया कि आशीष कमरे में फंदे से लटका हुआ है।
बताया जाता है कि आशीष की चचेरी मामी पास में ही रहती हैं। वह रात में खाना देने के लिए घर गईं तो देखा कि आशीष कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पिपरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार आशीष दो भाइयों में बड़ा था और बचपन से ही अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसने हाल ही में इंटर की परीक्षा दी थी और रिजल्ट का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उसकी संदिग्ध मौत हो गई। इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने बताया कि एक युवक का फंदे से लटका हुआ शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
ये भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर युवती से 8 साल तक शोषण, पटना में थानेदार के खिलाफ केस दर्ज
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

