ODISHA DESK: भुवनेश्वर, ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार रात बी.टेक प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद हॉस्टल के छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, वहीं मृतक के परिवार ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

छात्र का नाम बिस्वास स्वैन था, जो कि बारीपदा की रहने वाली थी। वह संस्थान के हॉस्टल में ही रहता था। शनिवार रात उसे चंद्रशेखरपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इन्फोसिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट इसे आत्महत्या का मामला बता रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बिस्वास के पिता ने कॉलेज अधिकारियों पर उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार रात साढ़े 9 बजे कॉलेज से संदेश मिला कि बिस्वास हॉस्टल से अनुपस्थित है। रात 10 बजे परिवार की बिस्वास से बात हुई। उसने बताया कि सो जाने के कारण उसे अनुपस्थित मार्क कर दिया गया था। रात 11 बजे कॉलेज ने सूचना दी कि छात्र ने आत्महत्या कर ली है।

मृतक के पिता का सवाल है कि “एक घंटे के भीतर ऐसा क्या हुआ? कॉलेज की निगरानी व्यवस्था कहां थी?” इस घटना के बाद हॉस्टल के भीतर छात्रों ने रात भर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि मौत के पीछे के असली कारणों का पता चल सके।