रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी है । आंदोलनकारी छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग पर कायम हैं। छात्रों ने साफ कर दिया है कि अगर 18 अगस्त तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं होता, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया जाएगा।

सरकार ने बातचीत का दिया न्योता

लगातार चल रहे आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने छात्रों से बातचीत की पहल की है। सरकार की ओर से मंगलवार को दोपहर 2 बजे छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया गया है।

छात्र नेता रामअवतार महतो ने कहा कि सरकार के प्रस्ताव पर छात्र नेताओं के बीच चर्चा होगी। इसके बाद तय किया जाएगा कि बैठक में कौन-कौन शामिल होगा और सरकार के सामने किस तरह से छात्रों की मांगें रखी जाएंगी।

देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल में भर्ती

आंदोलन में सक्रिय छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती हैं। रामअवतार महतो के अनुसार, छात्र मंगलवार सुबह अस्पताल जाकर उनका हाल जानेंगे। स्वास्थ्य ठीक रहने पर उन्हें आंदोलन स्थल पर लाने की कोशिश की जाएगी।इसके बाद छात्र नेता बैठक और आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय करेंगे।

देवेंद्र नाथ महतो बोले- उम्मीद है बातचीत से निकलेगा समाधान

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि तबीयत खराब होने के बाद अब उन्हें कुछ बेहतर महसूस हो रहा है। उन्होंने सरकार के साथ होने वाली बातचीत से उम्मीद जताते हुए कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

उनका कहना है कि ऐसी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था जरूरी है, जिसमें आने वाली पीढ़ी को पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं जैसी परेशानियों से न गुजरना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा।

छात्र बोले- मांगें मानीं तो खत्म हो सकता है आंदोलन

प्रदर्शनकारी छात्र आलोक मेहता ने कहा कि छात्रों ने कभी बातचीत से इनकार नहीं किया। उनकी कोशिश है कि सरकार के साथ बैठकर सभी मुद्दों का समाधान निकाला जाए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को स्वीकार कर लेती है तो आंदोलन खत्म करने की दिशा में कदम उठाया जा सकता है। लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का अगला चरण शुरू किया जाएगा।

18 अगस्त की डेडलाइन, फिर 20 अगस्त को घेराव

छात्र नेताओं ने सरकार को 18 अगस्त तक का समय दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में अगर JSSC-CGL समेत अन्य मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा।

फिलहाल सरकार की बातचीत की पहल से आंदोलन के समाधान की उम्मीद जगी है, लेकिन छात्रों ने साफ कर दिया है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई के बिना आंदोलन खत्म नहीं होगा।