अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने करनाल के दयाल सिंह कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के चारों जोनों की सर्वश्रेष्ठ 12 टीमों ने हिस्सा लिया था।
कॉलेज की मुस्कान, जया और दीपाली शर्मा की टीम ने विज्ञान के कठिन सवालों का सटीक जवाब देते हुए उप-विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए टीम को ट्रॉफी और 80 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया। इससे पहले इस टीम ने हिसार जोन में तीसरा स्थान प्राप्त कर 20 हजार रुपये जीते थे। इस तरह छात्राओं ने कुल एक लाख रुपये की इनामी राशि जीती है।
कॉलेज पहुंचने पर विजेता छात्राओं और टीम इंचार्ज डॉ. रविकांत का जोरदार स्वागत किया गया। प्राचार्य जगबीर सिंह श्योराण ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों के मार्गदर्शन और छात्राओं की कड़ी मेहनत को दिया। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

