भुवनेश्वर: ओडिशा के कॉलेज छात्रों के लिए एक बेहतरीन खबर है। अब राज्य के कॉलेजों में छात्र केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वे शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड (Mutual Funds) का व्यावहारिक पाठ भी पढ़ेंगे। इसके साथ ही उन्हें बैंकिंग और इंश्योरेंस क्षेत्र की बारीकियां तथा वित्तीय लेन-देन का तरीका सिखाया जाएगा, ताकि वे कॉलेज के दिनों से ही अपने करियर को एक मजबूत दिशा दे सकें।

छात्रों को फाइनेंस की दुनिया के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने यह अनोखी और दूरदर्शी पहल की है। बी.कॉम (B.Com), बीबीए (BBA), बीएमएस (BMS), बीए अर्थशास्त्र (BA Economics), बी.कॉम कॉमर्स, एमबीए (MBA) और एम.कॉम (M.Com) के छात्रों को शामिल किया जाएगा। इन छात्रों के लिए 30 घंटे का व्यावसायिक (Commercial) म्यूचुअल फंड सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल बुनियादी प्रशिक्षण देना ही नहीं है, बल्कि छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त NISM (National Institute of Securities Markets) सर्टिफिकेशन परीक्षा के लिए भी पूरी तरह तैयार किया जाएगा। NISM सर्टिफिकेशन मिलने से छात्रों के लिए फाइनेंस, बैंकिंग और इंवेस्टमेंट सेक्टर में रोजगार के नए और बेहतर अवसर खुलेंगे।
प्रथम चरण में इस महत्वाकांक्षी योजना को राज्य के प्रमुख शहरों और शैक्षणिक केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा । राजधानी भुवनेश्वर के साथ-साथ ब्रह्मपुर, भद्रक, ढेंकानाल, जयपुर (जयपुर-ओडिशा), केंद्रापड़ा, क्योंझर, राउरकेला और संबलपुर। इन क्षेत्रों के 97 डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों को फाइनेंस के ये आधुनिक फॉर्मूले सिखाए जाएंगे।
सरकार की इस पहल से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं में वित्तीय साक्षरता बढ़ेगी और वे पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक दुनिया के लिए भी कुशल बन सकेंगे।


