कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और दिल्ली व झारखंड के मामलों को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए. उन्होंने उत्तराखंड के नकलरोधी कानून और 21 सितंबर 2025 की स्नातक स्तरीय समूह ग परीक्षा के पेपर लीक मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी भी दी.

देहरादून. कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ‘जेन जी’ के नाम पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही संसद में चर्चा को लेकर उनके बदलते बयानों पर भी सवाल उठाए.

दिल्ली और झारखंड पर सवाल

सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि लोकसभा में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में हल्ला बोलने वाले कांग्रेस नेता झारखंड के मामले में चुप हैं. जबकि वहां झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है.

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता लंबे समय से सुन रही है और मतदान के जरिए उन्हें नकार भी चुकी है. उनके मुताबिक अब राहुल गांधी अराजकता फैलाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं और युवाओं को मोहरा बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं.

उनियाल ने कहा कि अगर कांग्रेस युवाओं की समस्याओं और उनके भविष्य को लेकर वास्तव में गंभीर है तो दिल्ली और झारखंड के मामलों को अलग-अलग नजरिए से नहीं देखना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है.

कांग्रेस पर लगाया आरोप

सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को युवाओं के भविष्य से कोई सरोकार नहीं है और वह कमजोर होती कांग्रेस को दोबारा खड़ा करने की राह तलाश रहे हैं.

एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने उत्तराखंड में लागू कठोर नकलरोधी कानून का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इसी कानून के तहत 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय समूह ग की परीक्षा में पेपर लीक के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई और वे जेल में हैं.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार नकल और भर्ती परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर सख्त है.