संजीव, सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत किसानों और युवाओं को बड़ा आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। सामान्य वर्ग के पुरुषों को 40 प्रतिशत और महिला व अनुसूचित जाति वर्ग को 60 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। मीठे पानी में मछली पालन के लिए करीब 11 लाख रुपये और खारे पानी में झींगा पालन के लिए लगभग 14 लाख रुपये की परियोजना लागत पर सब्सिडी का प्रावधान है। योजना का मकसद युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और आय के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण, पंजीकरण और लोन से आसान होगा शुरूआत
लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा किसानों और युवाओं को योजना से जोड़ा जाए और जिला स्तर पर प्रशिक्षण बैच चलाए जाएं। इच्छुक लाभार्थी आधार, पैन कार्ड और फोटो के साथ मत्स्य विभाग के कार्यालयों में पंजीकरण करा सकते हैं। 18 से 60 वर्ष के युवक-युवती और किसान इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध
अधिकारियों ने बताया कि खारे पानी में झींगा पालन और निजी जमीन पर तालाब बनाकर मछली पालन से आय बढ़ाने की बड़ी संभावना है। बैंक के जरिए किसान क्रेडिट कार्ड पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे योजना शुरू करना आसान होगा। विशेषज्ञों के अनुसार नियमित प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक से यह क्षेत्र रोजगार का मजबूत विकल्प बन सकता है।

