Lifestye Desk – गर्मियों के मौसम में गन्ने का जूस लोगों की पहली पसंद बन जाता है. ठंडा और मीठा गन्ने का रस शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है. इसमें कार्बोहाइड्रेट, कैल्शियम, पोटैशियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. यही वजह है कि तेज धूप और गर्मी में लोग इसे राहत देने वाला ड्रिंक मानते हैं.

हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि जरूरत से ज्यादा गन्ने के जूस का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है, खासकर पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए. आइए जानते हैं कैसे.
साफ सफाई का भी दिया जाता ध्यान
दरअसल, गन्ने का जूस अधिकतर सड़क किनारे ठेलों और दुकानों पर बिकता है, जहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान नहीं रखा जाता. कई बार जूस निकालने वाली मशीनें ठीक से साफ नहीं होतीं और इस्तेमाल किया जाने वाला पानी भी दूषित हो सकता है. ऐसे में बैक्टीरिया और वायरस शरीर में पहुंचकर पेट दर्द, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं.
पेट में संक्रमण का खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक खुले में रखा गन्ने का रस जल्दी खराब हो सकता है. गर्म मौसम में इसमें बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. अगर ऐसा जूस पी लिया जाए तो पेट में संक्रमण, गैस, अपच और ऐंठन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को इससे ज्यादा खतरा रहता है.
ज्यादा चीनी भी बन सकती है समस्या
गन्ने के जूस में प्राकृतिक शुगर की मात्रा काफी अधिक होती है. जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर यह ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकता है. डायबिटीज के मरीजों को इसे सीमित मात्रा में ही पीने की सलाह दी जाती है. अधिक मीठा होने के कारण यह पेट में भारीपन और एसिडिटी की वजह भी बन सकता है.
पाचन तंत्र पर पड़ता है असर
कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए दिन में कई बार गन्ने का जूस पी लेते हैं. लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है. कुछ लोगों को पेट फूलना, गैस बनना और दस्त जैसी समस्याएं होने लगती हैं. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना बेहतर होता है.
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप गन्ने का जूस पीना पसंद करते हैं, तो हमेशा साफ-सफाई वाली जगह से ही जूस लें. कोशिश करें कि ताजा निकला हुआ जूस ही पिएं. बर्फ और पानी की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना जरूरी है. खाली पेट इसका ज्यादा सेवन करने से बचें और एक दिन में एक गिलास से ज्यादा न पिएं.
गन्ने का जूस शरीर को ताजगी और इंस्टेंट एनर्जी जरूर देता है, लेकिन लापरवाही और अधिक सेवन पेट की कई परेशानियों को बढ़ा सकता है. इसलिए स्वाद के साथ-साथ स्वच्छता और मात्रा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

