कैथल. किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए गन्ने के साथ मिश्रित खेती को बेहतर विकल्प बताते हुए कैथल चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने किसानों से अधिक क्षेत्र में गन्ने की फसल लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गन्ने के साथ सरसों, चना, मटर, लहसुन, प्याज और अन्य सब्जियों की खेती कर किसान अतिरिक्त आमदनी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक और मशीनरी अपनाने पर भी जोर दिया।

चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा कि गन्ना किसानों के लिए लाभकारी फसल है और इसकी खासियत है कि यह सूखा, आंधी-तूफान तथा कम या अधिक बारिश जैसी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं को सहन करने की क्षमता रखती है। किसान गन्ने के साथ मिश्रित खेती अपनाकर अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं और आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं।

प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार गांव सारसा के प्रगतिशील किसान बलराज सिंह के आवास पर किसानों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती करें तथा इसके साथ सरसों, चना, मटर, लहसुन, प्याज, धनिया व अन्य सब्जियों जैसी मिश्रित फसलों की खेती करें। उन्होंने कहा कि एक साथ कई फसलें उगाने से किसानों को अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो सकती है और किसी एक फसल पर निर्भरता भी कम होती है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि के दौर में गन्ने की फसल किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है। गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए कैथल चीनी मिल की ओर से किसानों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है। मिल की तरफ से गन्ने की फसल में उपयोग होने वाले कीटनाशक तथा गन्ने का बीज किसानों को ब्याज रहित ऋ ण पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

कृष्ण कुमार ने कहा कि जिन किसानों को गन्ने की कटाई के लिए श्रमिकों की कमी का सामना करना पड़ता है, वे गन्ने की बिजाई 4.5 फीट लाइन से लाइन की दूरी पर कर सकते हैं। इस दूरी पर बिजाई करने से गन्ने की कटाई गन्ना हारवेस्टर मशीन के माध्यम से करवाई जा सकती है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक और मशीनरी का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रबंध निदेशक ने किसानों को गन्ने की फसल के विभिन्न लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए मिल प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आमदनी बढ़ाने की अपील की।