प्रशांत सिंह, जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला जेल के अंदर एक कैदी का शव बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। घटना से जेल परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म मामले में एक दिन पहले ही उसे जेल में दाखिल किया गया था।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई जब सुबह सफाईकर्मी बाथरूम की सफाई के लिए पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर जेल स्टाफ ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

एक दिन पहले ही जेल दाखिल हुआ था आरोपी

मृतक कैदी की पहचान दुवास राम के रूप में हुई है, जिसे एक दिन पहले ही दुष्कर्म के मामले में जेल दाखिल किया गया था। बताया जा रहा है कि वह कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का रहने वाला था। उसे 8 जून को बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

बाथरूम में कपड़े से बने फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के मुताबिक, कैदी का शव जेल के बाथरूम में उसके ही कपड़ों से बनाए गए फंदे के सहारे खिड़की से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी गई। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पुलिस ने क्या कहा

जांजगीर सीएसपी योगिता खापर्डे ने बताया कि दुवास राम केंवट एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले गया था, जिसके बाद बलौदा पुलिस ने 8 जून को कार्रवाई करते हुए उसे अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया था। उन्होंने बताया कि जेल के अंदर क्या हुआ और दुवास राम ने आत्महत्या क्यों की, या उसकी हत्या की गई है, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जेल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

जेल के अंदर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर 21 वर्षीय दुवास राम के साथ जेल के भीतर ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई, यह जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक और साइबर शाखा की टीम भी हर पहलू की पड़ताल में जुटी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H