चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। सुखबीर बादल ने बीजेपी के साथ किसी भी तरह की मौजूदा बातचीत से साफ इनकार किया है, हालांकि उन्होंने भविष्य में इस संभावना को पूरी तरह से खारिज भी नहीं किया।
सुखबीर बादल ने कहा कि इस समय गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही है और मौजूदा हालात में ऐसे सवालों का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने दोहराया कि अकाली दल का मुख्य और एकमात्र मकसद फिलहाल खुद को मजबूत करना है।
अमित शाह और बीजेपी नेताओं के बयानों के बीच आया जवाब
सुखबीर बादल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई बड़े नेता पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर स्वतंत्र (अकेले) चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। जब सुखबीर बादल से पूछा गया कि क्या बीजेपी के लिए गठबंधन के दरवाजे खुले हैं, तो उन्होंने सीधा जवाब देते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य अकाली दल को मजबूत करना है और हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी कहा था कि बीजेपी 2027 के चुनाव में पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इससे पहले मार्च में मोगा में हुई बीजेपी की एक बड़ी रैली के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्पष्ट कर दिया था कि बीजेपी पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
ज्ञानी रघबीर के बयान पर सुखबीर बादल की टिप्पणी
इस बीच, पंजाब पुलिस की एसआईटी (SIT) के सामने ज्ञानी रघबीर द्वारा दिए गए बयान पर टिप्पणी करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि ज्ञानी रघबीर अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और हेड ग्रंथी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, ऐसे सम्मानित व्यक्ति को झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्हें अकाल तख्त साहिब की मर्यादा के खिलाफ नहीं जाना चाहिए। बादल ने आगे कहा कि अगर मेरे कुछ कहने से किसी को ठेस पहुंची है या नुकसान हुआ है, तो मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं। यह एक ऐसी बात है जिसे मैंने अकाल तख्त साहिब पर भी माना है।
- दिलेर खरकिया फायरिंग केस में जयजी से पूछताछ, बाहर आते ही बोले- परिवार को कुछ हुआ तो…
- अंकिता-हसनैन लव जिहाद मामला: एमपी हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब, स्पेशल मैरिज एक्ट को परिभाषित करने के निर्देश
- त्योहारों पर जगमगाएगा यूपी! नहीं होगी बिजली कटौती, सरकार ने तैयार किया ‘फुलप्रूफ प्लान’
- ड्राइविंग लाइसेंस वैध नहीं तो भी पहले देना होगा मुआवजा, हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी को दिया ‘पे एंड रिकवर’ का आदेश
- MP में परिवहन सेवा का नया अध्याय: 25 सितंबर से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’, सीएम डॉ. मोहन दिखाएंगे हरी झंडी



