शिवा यादव, सुकमा। जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नागाराम गांव के पटेलपारा में एक शख्स ने आपसी झगड़े के दौरान अपनी ही पत्नी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ 74वीं वाहिनी के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, नागाराम के पटेलपारा निवासी माड़वी हिड़मा का अपनी पत्नी माड़वी सुशीला के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सुशीला गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर काम करती हैं। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हिड़मा ने आपा खो दिया और सुशीला के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
CRPF जवानों ने पहुंचाया अस्पताल

हमला इतना तेज था कि सुशीला के सिर पर गहरी चोट आई और काफी खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होते, इसी बीच इलाके में तैनात सीआरपीएफ 74वीं वाहिनी के जवानों को इस घटना की सूचना मिली। जवानों ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ सुशीला को संभाला और अपने वाहन से फौरन चिंतलनार के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
चिंतलनार स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया और सिर से बह रहे खून को रोकने की कोशिश की। हालांकि चोट काफी गंभीर होने और हालत नाजुक बने रहने की वजह से डॉक्टरों ने प्राथमिक मरहम-पट्टी के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की असली वजह और मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

