सुल्तानपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार(4 अक्टूबर 2026) सुबह करीब 8 बजे सेना की एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एंबुलेंस चालक, एक सैन्यकर्मी और जवान के परिवार के दो सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं.
पंचकुला से देवरिया जा रही थी एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस पंचकुला से एक जवान का शव लेकर देवरिया जा रही थी. इसी दौरान हलियापुर के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे के बाद जवान के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया है.
एंबुलेंस में फंसे शव, गैस कटर से रेस्क्यू
टक्कर के बाद एंबुलेंस के ड्राइवर और एक सैन्यकर्मी का शव वाहन में फंस गया. सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. शवों को निकालने के लिए गैस कटर से एंबुलेंस को काटने का काम शुरू किया गया. दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा.
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम
हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में एंबुलेंस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है.
हादसे की वजह जांच रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद चलेगा. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना की जानकारी सेना और मृतकों के परिजनों को भी दी गई है. पुलिस एक्सप्रेस-वे पर हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

