कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shyam Singh Rana ने कहा कि इस बार सूरजमुखी उत्पादक किसानों को राहत देते हुए राज्य सरकार ने खरीद प्रक्रिया एक सप्ताह पहले शुरू करने का फैसला लिया है। अब पूरे प्रदेश की मंडियों में सूरजमुखी की खरीद 25 मई से शुरू होगी, जबकि पहले यह 1 जून से शुरू होनी थी। उन्होंने बताया कि खरीद एजेंसियों को सभी आवश्यक तैयारियां और पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) में सूरजमुखी की खरीद किसानों की मांग को देखते हुए पहले शुरू की जा रही है। किसानों की ओर से लगातार खरीद जल्द शुरू करने की मांग की जा रही थी, क्योंकि आगामी दिनों में फसल कटाई तेज होने की संभावना है। ऐसे में सरकार ने किसानों के हित को प्राथमिकता देते हुए खरीद का शेड्यूल एक सप्ताह पहले कर दिया है।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से कटाई के व्यस्त समय में मंडियों में फसल की आवक बिना किसी बाधा के जारी रहेगी। साथ ही खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद केंद्रों पर बुनियादी ढांचा, फसल उठान और भुगतान व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

राज्य सरकार ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा राज्य कृषि मार्केटिंग बोर्ड (HSAMB), हरियाणा राज्य वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (HSWC), हैफेड, नाफेड और एनसीसीएफ (NCCF) सहित संबंधित एजेंसियों को मंडियों में खरीद व्यवस्था को लेकर तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के नेतृत्व में हरियाणा देश का ऐसा राज्य है, जो केंद्र सरकार द्वारा तय MSP पर सभी 24 फसलों की खरीद सुनिश्चित कर रहा है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।