यमुनानगर। हरियाणा पुलिस से बर्खास्त कैथल के पूर्व हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू अब नौकरी बहाली की मांग को लेकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल कैथल लौट रहे हैं। उनका कहना है कि जब नीचे बैठे अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी तो अब भगवान के दरबार में न्याय की उम्मीद लेकर निकले हैं।

सुनील के साथ उनके गांव के चार-पांच युवक भी इस यात्रा में शामिल हैं। सुनील कैथल से इसुजु गाड़ी में पौधे लेकर हरिद्वार पहुंचे। वहां गंगाजल भरने के बाद उन्होंने पैदल कैथल की यात्रा शुरू कर दी। उनके साथी गाड़ी लेकर उनके साथ चल रहे हैं।

रास्ते में लगा रहे पौधे
सुनील ने बताया कि यात्रा के दौरान जहां भी उन्हें उपयुक्त जगह मिलती है, वहां एक पौधा लगा देते हैं। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देना चाहते हैं।

यमुनानगर पहुंचने पर सुनील ने बताया कि अब तक करीब 120 किलोमीटर का सफर पूरा हो चुका है और लगभग इतनी ही दूरी अभी बाकी है। इस दौरान कुछ अन्य कांवड़िए भी अपनी कांवड़ पर सुनील की तस्वीर लगाकर यात्रा कर रहे हैं।

फरवरी में हुई थी बर्खास्तगी
दरअसल, सुनील संधू को इसी साल फरवरी में पुलिस की छवि खराब करने के आरोप में तत्कालीन कैथल एसपी उपासना सिंह ने बर्खास्त कर दिया था। बर्खास्तगी से पहले सुनील ने एक डीएसपी पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था।

इसके बाद इस मामले से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी। सुनील लगातार अपनी नौकरी बहाली की मांग उठा रहे हैं।

अब उन्होंने नौकरी बहाली की मांग को लेकर कांवड़ यात्रा का रास्ता चुना है। उनका कहना है कि वह अपनी बात अधिकारियों और विभाग के सामने रख चुके हैं, लेकिन जब वहां से न्याय नहीं मिला तो अब भगवान से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m