कुंदन कुमार, पटना। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और गदर फेम सनी देओल इन दिनों अपनी आने वाली बहुचर्चित फिल्म बंटवारा 1947 के प्रचार-प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अपनी इसी फिल्म के प्रमोशन सिलसिले में वे विशेष तौर पर बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सनी देओल ने फिल्म से जुड़ी कई खास बातें साझा कीं और एक बड़ा बयान भी दिया।
पूरे देश में घूम रहे हैं, लेकिन सफर की शुरुआत बिहार से होगी
मीडिया से बात करते हुए सनी देओल ने अपने अंदाज में कहा कि वे अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पूरे हिंदुस्तान के दौरे पर निकल चुके हैं। देश के कोने-कोने में जाने की योजना है, लेकिन जब बात शुरुआत करने की आई, तो उन्होंने और उनकी पूरी टीम ने सबसे पहले बिहार आने का फैसला किया। उनका मानना है कि किसी भी महत्वपूर्ण और बड़े काम की शुरुआत के लिए बिहार की ऊर्जा और यहां के लोगों का प्यार सबसे अहम है।
फिल्म में नजर आएगी पिता-पुत्र की जोड़ी
सनी देओल ने इस दौरान एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस फिल्म में उनके साथ उनके बेटे भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। परदे पर पिता और पुत्र को एक साथ देखना दर्शकों के लिए एक अलग और रोमांचक अनुभव होगा। अभिनेता ने विश्वास जताया कि परिवार और एक्शन से भरपूर यह फिल्म दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ेगी।


