जुबैर अंसारी, सुपौल। जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल कोर्ट परिसर में एक अनोखा और फिल्मी ड्रामा देखने को मिला। चार साल के प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमिका के साथ कोर्ट मैरिज करने पहुंचे एक शादीशुदा युवक को उसकी पहली पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद कोर्ट परिसर कुछ ही देर में अखाड़े में तब्दील हो गया और गुस्साई पत्नी ने पति पर चप्पलों की बरसात कर दी। इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

​मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र का है। जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी पूरब पंचायत के रजगांव निवासी गुडेश कुमार (26) की करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए नवडीह निवासी काजल कुमारी से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे यह बातचीत गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवक का दावा है कि वह पिछले चार साल से काजल के संपर्क में था और दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे।

​ग्रामीणों ने कराई थी शादी

​हाल ही में जब गुडेश अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव नवडीही पहुंचा, तो ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद दबाव बनाकर दोनों की शादी करा दी गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इसी शादी को कानूनी जामा पहनाने के लिए गुडेश अपनी प्रेमिका काजल के साथ त्रिवेणीगंज अनुमंडल कोर्ट पहुंचा था, जहां दोनों ने कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।

​पहली पत्नी ने किया हंगामा

​इस पूरे घटनाक्रम की भनक जैसे ही गुडेश की पहली पत्नी किरण कुमारी को लगी, वह अपने परिजनों के साथ तुरंत कोर्ट परिसर पहुंच गई। पति को दूसरी शादी करते देख किरण का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने पति पर अवैध रूप से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि महिला ने पति का कॉलर पकड़कर सरेआम चप्पलों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। कोर्ट परिसर में मची इस अफरा-तफरी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​पुलिस जांच में जुटी

​हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए युवक गुडेश कुमार, उसकी पहली पत्नी किरण देवी और प्रेमिका काजल कुमारी तीनों को अपने साथ थाने ले गई। सब-इंस्पेक्टर शिशुपाल रविदास ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि गुडेश और उसकी पहली पत्नी किरण के तीन बच्चे भी हैं, जिसके बाद से यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।