सुपौल। जिले के रतनपुरा क्षेत्र के लालमनपट्टी गांव में इंस्टाग्राम पर प्यार के बाद हुई शादी खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गरुअल निवासी राजकुमार मंडल की बेटी दमनी देवी के रूप में हुई है। करीब 9 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान सुपौल के संजीव साह से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के शुरुआती कुछ महीने तो ठीक बीते, लेकिन फिर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए। इससे परेशान होकर दमनी अपने मायके लौट गई थी और दोनों ने आपसी रजामंदी से तलाक लेने का फैसला कर लिया था।

​तलाक के कागजात के बहाने बुलाया और रची साजिश

​आरोपी पति संजीव साह ने सोची-समझी साजिश के तहत दमनी को तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर कराने के बहाने सुपौल बुलाया। शनिवार दोपहर वह अपनी ससुराल पहुंची थी। शाम के वक्त आरोपी उसे बाइक से खेत की तरफ ले गया। सुनसान इलाके में पहुंचने के बाद उसने बाइक से पेट्रोल निकालकर दमनी के शरीर पर छिड़क दिया और आग लगाकर मौके से फरार हो गया। शरीर में आग लगने और दर्द से छटपटाते हुए महिला ने ‘चोर-चोर’ कहकर चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और एंबुलेंस की मदद से उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया।

​आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

​अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दमनी ने पुलिस को अपने पति की करतूत की पूरी दास्तान सुनाई। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर और भपटियाही थाने की पुलिस हरकत में आई। वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जिसमें गहरे हरे रंग के कपड़े के टुकड़े, गुलाबी रंग की महिला चप्पल और पेट्रोल से भरी 500 एमएल की पानी की बोतल बरामद हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पति संजीव साह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।