जुबैर अंसारी, सुपौल। जिले में अपराधियों ने एक युवक का फिल्मी अंदाज में दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी सर्विलांस के दम पर महज 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक को पड़ोसी जिले अररिया से सकुशल बरामद कर लिया गया है।

​क्या है पूरी घटना?

​घटना सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज स्टेट हाईवे की है। सोमवार को छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत (वार्ड-13) निवासी खुर्शीद खान का 20 वर्षीय पुत्र मो. जीशान खान अपनी बाइक से भीमपुर से भागवतपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक लाल रंग के चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

​बदमाशों की फायरिंग और वायरल वीडियो

​टक्कर के बाद कार से उतरे बदमाशों ने जीशान खान के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में लादकर भागवतपुर की तरफ फरार हो गए। जब स्थानीय लोगों ने अपहरणकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार की टक्कर, मारपीट और फायरिंग की आवाज साफ सुनी जा सकती है।

​पुलिस की संयुक्त कार्रवाई और बरामदगी

​वारदात की गंभीरता को देखते हुए सुपौल पुलिस कप्तान शरथ आर.एस. तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सुपौल पुलिस ने तकनीकी स्रोतों की मदद से अररिया पुलिस से संपर्क साधा और सहयोग मांगा।
​सुपौल और अररिया पुलिस की संयुक्त टीमों ने डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। आखिरकार, पुलिस ने अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से मो. जीशान खान को सकुशल मुक्त करा लिया।

​अवैध कारोबार और आपसी लेन-देन का मामला

​प्रेसवार्ता के दौरान एसपी शरथ आर.एस. ने मीडिया को जानकारी दी कि शुरुआती जांच में यह अपहरण आपसी लेन-देन से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि जीशान खुद किसी अवैध कारोबार में संलिप्त था, जिसके पैसों के विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। इस कांड का मुख्य आरोपी नरपतगंज थाना क्षेत्र का नीरज कुमार है, जो पहले भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।