पलामू। झारखंड के पलामू जिले से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला में एक व्यक्ति ने अंधविश्वास के चलते अपने ही भतीजे की टांगी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार थी और कुछ दिन पहले उसकी मौत हो गई थी। बेटी की मौत के बाद प्रभु रजवार को शक था कि उसके छोटे भाई की पत्नी और भतीजे की पत्नी ने तंत्र-मंत्र या जादू-टोना किया है। इसी अंधविश्वास के कारण वह लगातार झाड़-फूंक का सहारा ले रहा था।
बहस के बाद किया जानलेवा हमला
बुधवार देर रात किसी बात को लेकर प्रभु रजवार और उसके भतीजे चनका रजवार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रभु ने घर में रखी टांगी उठाई और भतीजे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर लिया।
अंधविश्वास ने उजाड़ दिया परिवार
थाना प्रभारी संतोष गिरि ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।


