Tejashwi Daughter Birthday: राजद नेता तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायनी का आज जन्मदिन है। कात्यायनी आज तीन साल की हो गई। इस मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास के बाहर राजद समर्थकों ने एक बड़ा पोस्टर लगाया है, जिसके माध्यम से कात्यायनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई हैं। राबड़ी आवास के बाहर लगा पोस्टर वहां से गुजरने वाले लोगों का भी ध्यान आकर्षित कर रहा है।

पहली बार पिता बने थे तेजस्वी

बता दें कि 27 मार्च 2023 को तेजस्वी और राजश्री पहली बार माता- पिता बने थे। समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टर में तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव और उनके दोनों बच्चे कात्यायनी और इराज नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही पोस्टर में राबड़ी देवी और लालू यादव का भी फोटो लगा हुआ है। गौरतलब है कि होली के दौरान तेजस्वी और कात्यायनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें तेजस्वी और अपनी बेटी कात्यायनी के साथ होली खेलते नजर आए थे।

नवरात्र के छठे दिन हुआ था जन्म

कात्यायनी का जन्म चैती नवरात्र के छठे दिन हुआ था, जिसे मां कात्यायनी की पूजा का विशेष दिन माना जाता है, इसी वजह से उनका नाम कात्यायनी रखा गया। वहीं, पिछले साल 26 मई मंगलवार को राजश्री ने अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया। लालू यादव और राबड़ी देवी ने जिसका नाम ईराज रखा है। तेजस्वी और राजश्री दो बच्चों के माता पिता हैं।

पार्टी और परिवार में हुआ बिखराव

एक तरफ आज जहां तेजस्वी यादव और राजद परिवार के लिए खुशियों का दिन है। हालांकि परिवार में हुए मनमुटाव और विद्रोह की वजह से यह खुशियां फीकी रहने की ही उम्मीद है। गौरतलब है कि अनुष्का यादव प्रकरण सामने आने के बाद लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर निकाल दिया था। उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी बना ली है।

वहीं, 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को बुरी हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद रोहिणी आचार्य के साथ भी घर में विवाद हुआ। उन्होंने राबड़ी आवास में अपने साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया और पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। इन सबके बीच राजद परिवार अब अलग-थलग नजर आ रहा है। फिलहाल तेजस्वी अपने परिवार के साथ सादगी अंदाज में बेटी कात्यायनी का जन्मदिन सेलिब्रेट कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Ram Navami 2026: पटना में इस बार होगी ऐतिहासिक और भव्य रामनवमी, शोभा यात्रा में 52 झाकियों का प्रदर्शन, 7 लाख श्रद्धालु होंगे शामिल