चुनाव आते ही प्रचार, रैलियों और उम्मीदवारों के खर्च के साथ चुनावी नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध नकदी के इस्तेमाल का मुद्दा भी चर्चा में आ जाता है। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के सामने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों तथा 2019 से 2025 के विधानसभा चुनावों में दर्ज चुनावी अपराधों से जुड़े मामलों का आंकड़ा पेश किया है।

2024 लोकसभा चुनाव में 3.87 लाख FIR

आंकड़ों के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव में देशभर में 3,87,430 FIR दर्ज हुईं। इनमें 1,66,044 मामलों में दोषसिद्धि हुई, 76,987 केस बंद किए गए, 24,950 मामलों में आरोपी बरी हुए, जबकि 1,06,841 मामले ट्रायल में लंबित रहे। वहीं, 2019 लोकसभा चुनाव में 1,44,030 FIR दर्ज हुई थीं। इनमें 37,215 मामलों में दोषसिद्धि हुई और 44,387 मामले ट्रायल में लंबित रहे।

गुजरात में सबसे ज्यादा FIR

2019 और 2024 दोनों लोकसभा चुनावों में गुजरात सबसे ज्यादा FIR वाले राज्यों में शीर्ष पर रहा। गुजरात में 2019 में 35,144, जबकि 2024 में 52,820 FIR दर्ज हुईं। 2024 में इसके बाद महाराष्ट्र में 29,545, पश्चिम बंगाल में 27,461 और उत्तर प्रदेश में 23,645 FIR दर्ज हुईं। तेलंगाना में भी 23,087 मामले सामने आए।

विधानसभा चुनावों में तेलंगाना आगे

2019 से 2025 के बीच विधानसभा चुनावों में कुल 2,01,894 FIR दर्ज हुईं। इनमें 40,155 मामलों में दोषसिद्धि हुई, जबकि 79,148 मामले ट्रायल में लंबित थे। इन चुनावों में तेलंगाना के 2023 विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 33,496 FIR दर्ज हुईं। गुजरात (2022) में 30,253, महाराष्ट्र (2024) में 26,302 और पश्चिम बंगाल (2021) में 25,061 FIR दर्ज हुईं।

सुप्रीम कोर्ट ने तय की जवाबदेही

सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी मामलों की जांच और कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया है। कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, जब्त नकदी या संपत्ति की जानकारी और उसके लिखित कारण 24 घंटे के भीतर दर्ज किए जाने चाहिए। चुनाव से जुड़े मामलों की जांच सामान्य तौर पर एक साल के भीतर पूरी करने का प्रयास करने और देरी होने पर उसका कारण दर्ज करने को भी कहा गया है।

हालांकि, FIR की संख्या को सीधे काले धन के इस्तेमाल की मात्रा नहीं माना जा सकता, क्योंकि इनमें अलग-अलग चुनावी अपराध शामिल हो सकते हैं। फिर भी ये आंकड़े चुनावी नियमों के उल्लंघन और कार्रवाई की व्यापक तस्वीर जरूर सामने रखते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m