फरीदाबाद । प्रसिद्ध सूरजकुंड परिसर में इस साल लगने वाले दिवाली मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 23 अक्टूबर 2026 को इस भव्य मेले का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 26 अक्टूबर को होने वाले समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

250 से अधिक शिल्पकार दिखाएंगे हुनर, सुरक्षा और स्वास्थ्य के कड़े इंतजाम

जिला प्रशासन के मुताबिक, इस दिवाली मेले में देश भर से करीब 250 प्रतिष्ठित शिल्पकार अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। आगंतुकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर के भीतर विशेष प्रबंध किए गए हैं। डीसी आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के एमडी पार्थ गुप्ता द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि परिसर में अस्थायी डिस्पेंसरी, एंबुलेंस, दमकल गाड़ियां, निर्बाध बिजली आपूर्ति और मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग की विशेष व्यवस्था की जाए।

यातायात और पार्किंग के खास प्रबंध

दिवाली मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आने वाले पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग स्थलों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि सूरजकुंड आने वाले हर पर्यटक को एक सुरक्षित और बेहतरीन अनुभव मिले।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m