फरीदाबाद। दिवाली की खरीदारी करनी है और परिवार के साथ घूमने का भी मन है, तो सूरजकुंड में आपके लिए खास मौका आने वाला है। यहां 23 अक्टूबर से चार दिवसीय दिवाली मेला शुरू होगा। मेले में खरीदारी के साथ संगीत, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद भी मिलेगा। 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
सूरजकुंड मेला परिसर में इस बार करीब 300 स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां घर की सजावट से लेकर हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियों तक कई तरह के उत्पाद मिलेंगे। दिवाली के लिए खरीदारी करने वालों को एक ही जगह पर अलग-अलग क्षेत्रों की कलाकृतियां और शिल्प उत्पाद देखने का मौका मिलेगा। इन स्टॉलों पर देश के कारीगर अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति बढ़ाएगी महफिल की रौनक
मेले में खरीदारी के साथ संगीत का भी खास इंतजाम रहेगा। मशहूर सूफी गायक कंवर ग्रेवाल अपनी प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या में रंग जमाएंगे। इसके अलावा लोक कलाकारों और पारंपरिक नृत्य दलों की प्रस्तुतियां भी होंगी। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को भारतीय लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी मेले में खास व्यवस्था रहेगी। यहां बनाए जाने वाले फूड कोर्ट में अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजन मिलेंगे। इसके साथ ही लोकप्रिय खाद्य ब्रांडों के पकवानों का स्वाद भी चखने को मिलेगा। बच्चे हों या बड़े, परिवार के सभी सदस्यों के लिए मेले में मनोरंजन के कई विकल्प रहेंगे।
26 अक्टूबर को होगा समापन
हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है। इसका उद्देश्य पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना भी है। इससे कारीगरों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कारोबार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पारंपरिक हुनर को नई पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रही है।
मेले का समापन 26 अक्टूबर को होगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मौजूद रहेंगे। हरियाणा सरकार और पर्यटन विभाग ने दिल्ली-NCR के अलावा हरियाणा तथा पड़ोसी राज्यों के लोगों से परिवार के साथ मेले में पहुंचने की अपील की है।
- वोट चोरी पर आर-पार के मूड में कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा युद्ध, राहुल के आह्वान पर सड़क पर उतरी जनता
- हाई-प्रोफाइल ड्रामा खत्म! रोज़ लोकेशन बदलती रही श्रद्धा… वीडियो बनाकर दे रही थी चकमा, जानिए कैसे पकड़ी गई?
- जादू-टोना के शक में हत्या: पड़ोसी पर टंगिया से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
- Hyundai Bayon Photo Leak: लॉन्च से ठीक पहले सामने आईं नई कॉम्पैक्ट SUV की तस्वीरें, बुकिंग जारी
- विजयादशमी पर भव्य रूप में निकली बाबा महाकाल की सवारी: पुराने से नए शहर पहुंचकर हुआ शमी वृक्ष पूजन; उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

