दिलशाद अहमद, सूरजपुर। खेती-किसानी के सीजन में जहां किसान खाद के लिए समितियों के चक्कर काट रहे हैं, वहीं सूरजपुर जिले की आदिमजाति सेवा सहकारी समिति जयनगर में खाद के स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। समिति में खाद की कमी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कराई गई जांच में 6405 बोरी खाद कम पाई गई। इन खाद की अनुमानित कीमत करीब 74.66 लाख रुपये बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रेना जमील ने जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद उप आयुक्त सहकारी समितियां की टीम ने समिति के खाद स्टॉक की जांच की। जांच के दौरान अलग-अलग प्रकार की खाद में बड़ी मात्रा में अंतर सामने आया।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक समिति में 1356 बोरी डीएपी, 1715 बोरी यूरिया, 429 बोरी एसएसपी पाउडर और 123 बोरी जिंक समेत कुल 6405 बोरी खाद कम मिली। स्टॉक में इतनी बड़ी कमी सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया।

प्रबंधक के खिलाफ अपराध दर्ज

जांच समिति के प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने आदिमजाति सेवा सहकारी समिति जयनगर के प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रबंधक के विरुद्ध बीएनएस की गैर-जमानती धारा 316(5) के तहत विभागीय विश्वासघात से संबंधित अपराध दर्ज किया गया है।

खाद की कमी का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब जिले में किसान खेती के लिए खाद की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं। ऐसे में समिति के स्टॉक से हजारों बोरी खाद कम मिलने से पूरे मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के आधार पर खाद के स्टॉक में इतनी बड़ी कमी कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसे लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H