सूरत (गुजरात)/ सासाराम/ अविनाश श्रीवास्तव। होली के त्योहार के बीच सूरत के पांडेसरा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक साड़ी डाइंग और प्रिंटिंग मिल में केमिकल टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में बिहार के रोहतास जिले के चार प्रवासी मजदूर बुरी तरह झुलस गए। अस्पताल में इलाज के दौरान इनमें से एक मजदूर ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
छुट्टी के दिन कराया जा रहा था सफाई का काम
यह हादसा गुरुवार को उस समय हुआ जब पूरी फैक्ट्री में होली की छुट्टी थी। मिल प्रबंधन द्वारा मजदूरों को केमिकल युक्त कचरे के टैंक की सफाई के लिए भेजा गया था। सफाई के दौरान चारों मजदूर अचानक जहरीले और ज्वलनशील केमिकल से भरे टैंक में गिर गए। वहां मौजूद अन्य साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक केमिकल के सीधे संपर्क में आने से उनका शरीर काफी हद तक झुलस चुका था।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान रोहतास के शिव सागर (वार्ड नंबर 7) निवासी सोनू कुमार पासवान के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों में करगहर के अंकित कुमार (19), कोचस के संदीप कुमार (22) और अमरेंद्र कुमार (23) शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के भाई और परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मनमानी का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जहरीले टैंक में उतारना उनकी जान से खिलवाड़ था। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

