गुजरात के सूरत (उधना) में दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नंदुरबार स्थित एक आश्रम स्कूल में आयोजित ‘गुड टच-बैड टच’ जागरूकता सेमिनार के दौरान 11 वर्षीय छात्रा ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद इस गंभीर अपराध का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लेबर कॉन्ट्रैक्टर पीरिया वलवी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित बालिकाएं (उम्र 11 और 14 वर्ष) मूल रूप से महाराष्ट्र के नंदुरबार की रहने वाली हैं और वहां आश्रम स्कूल में पढ़ाई करती हैं। उनके पिता की मृत्यु हो चुकी है, जबकि मां सूरत के उधना इलाके में कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। पिछले वर्ष मई में गर्मी की छुट्टियों के दौरान मां दोनों बेटियों को अपने पास उधना ले आई थीं। इसी दौरान आरोपी ठेकेदार ने धमकी देकर दोनों बहनों के साथ जबरन दुष्कर्म किया। छुट्टियां बीतने के बाद दोनों लड़कियां वापस नंदुरबार लौट गईं।
25 अगस्त को स्कूल में आयोजित सेमिनार के दौरान जब सुपरिटेंडेंट बच्चों को ‘बैड टच’ के बारे में समझा रहे थे, तब छोटी बहन ने हिम्मत दिखाकर पूरी बात बताई। सुपरिटेंडेंट द्वारा सूचना दिए जाने पर मां स्कूल पहुंची, जहां पूछताछ में बड़ी बहन ने भी अपने साथ हुए अत्याचार का खुलासा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मां ने नंदुरबार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना सूरत के उधना क्षेत्र की थी, इसलिए नंदुरबार पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर मामला उधना पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया। उधना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी अधेड़ उम्र का है, जो शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


