दिवाली और छठ पूजा के त्योहार नजदीक आते ही गुजरात के सूरत शहर में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों में अपने गृह राज्य लौटने की होड़ मच गई है। उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर स्थिति यह है कि रेलवे प्रशासन द्वारा बनाया गया विशाल होल्डिंग एरिया भी पूरी तरह हाउसफुल हो चुका है।

15 हजार की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया पड़ा छोटा

यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने उधना स्टेशन पर 15 हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक बड़ा होल्डिंग सिस्टम तैयार किया था। यात्रियों को धूप और गर्मी से बचाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे, लेकिन उमड़ती भीड़ के सामने ये तमाम व्यवस्थाएं कम पड़ती नजर आ रही हैं।

यात्री ट्रेन के निर्धारित समय से 5 से 10 घंटे पहले ही स्टेशन पहुंच रहे हैं, ताकि वे किसी भी तरह अपनी ट्रेन में जगह बना सकें। इस वजह से होल्डिंग एरिया में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। सामान के साथ सफर कर रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घंटों खड़े रहकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।

7 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन

त्योहारों के दौरान यात्रियों के सफर को सुगम बनाने के लिए कुल 10 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई, जिनमें 3 नियमित और 7 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से 5 ट्रेनें यात्रियों को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए रवाना भी हो चुकी हैं। स्टेशन परिसर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ (RPF) और स्थानीय पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

अब तक 4 लाख से अधिक लोग हुए रवाना

आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से अब तक सूरत और उधना रेलवे स्टेशन से 4 लाख से अधिक प्रवासी अपने घर के लिए निकल चुके हैं। वहीं, आने वाले दिनों में वाघबारस, एकादशी और छठ पूजा तक 2.5 से 3 लाख और श्रमिकों के जाने का अनुमान है।

इंडस्ट्रियल एरिया में छाएगा सन्नाटा

सूरत की कपड़ा (टेक्सटाइल) और हीरा (डायमंड) इंडस्ट्री में बड़ी संख्या में यूपी-बिहार के प्रवासी श्रमिक कार्यरत हैं। इन कारीगरों और मजदूरों के एक साथ दिवाली व छठ मनाने अपने गांव लौटने के कारण शहर के तमाम प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में अगले एक हफ्ते तक सन्नाटा पसरा रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें