टीवी की मशहूर एक्ट्रेस सुरभि ज्योति (Surbhi Jyoti) इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर का आनंद ले रही हैं. हाल ही में 38 साल की उम्र में मां बनीं सुरभि ने अपनी नन्ही बेटी की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की है. बेटी के जन्म के करीब एक महीने बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी लाडली के नाम का भी खुलासा किया. इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस से लेकर टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे तक प्यार और शुभकामनाओं की बरसात कर रहे हैं.

बता दें कि सुरभि ज्योति (Surbhi Jyoti) और उनके पति सुमित सूरी (Sumit Suri) के घर 13 जून को नन्ही परी का जन्म हुआ था. शादी के लगभग दो साल बाद माता-पिता बने इस कपल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशखबरी फैंस के साथ साझा की थी. तब से ही फैंस इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे कि आखिर सुरभि अपनी बेटी का क्या नाम रखेंगी. अब एक्ट्रेस ने इस सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है. इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- “॥ ॐ ॥ Seher | सहर. सुबह की पहली किरण की तरह, तुम आए और सब कुछ रोशन कर दिया.”

जानिये नाम का क्या है मतलब

सामने आए फोटो में उनकी बेटी का चेहरा तो नजर नहीं आ रहा, लेकिन उसकी नन्ही उंगलियां खूबसूरत ऑर्किड फूलों को थामे हुए दिखाई दे रही हैं. सुरभि ज्योति (Surbhi Jyoti) ने अपनी बेटी का नाम ‘सहर’ रखा है. ‘सहर’ का अर्थ होता है ‘भोर’ या ‘सुबह की पहली किरण’. यह नाम नई शुरुआत, उम्मीद और उजाले का प्रतीक माना जाता है. एक्ट्रेस के इस खूबसूरत कैप्शन और अर्थपूर्ण नाम ने फैंस का दिल जीत लिया है.

सुरभि ज्योति का वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें, तो सुरभि ज्योति (Surbhi Jyoti) टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं. ‘नागिन’ समेत कई लोकप्रिय टीवी शोज में अपनी दमदार एक्टिंग से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. प्रोफेशनल लाइफ में सफलता हासिल करने के बाद अब वह अपनी पर्सनल लाइफ के इस नए अध्याय को भी पूरी तरह एंजॉय कर रही हैं. मां बनने के बाद सुरभि की खुशी उनके सोशल मीडिया पोस्ट में साफ झलक रही है.