नारायणगढ़, राजेश वर्मा. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बड़े भाई एवं नंबरदार सुरेश पाल आज जींद में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-विकसित हरियाणा कार्यक्रम/रैली में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा हरियाणा की लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

नम्बरदार सुरेश पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित हरियाणा का संकल्प अब तेजी से धरातल पर उतर रहा है। इन विकास परियोजनाओं से हरियाणा आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करेगा।

नम्बरदार सुरेश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आधुनिक आधारभूत संरचना, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को मिली विकास परियोजनाएं प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देंगी तथा लाखों लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पूर्णत: स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। हाइड्रोजन और वायु से प्राप्त ऑक्सीजन से निर्मित बिजली से संचालित यह ट्रेन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 3200 हॉर्स पावर क्षमता, 10 कोच तथा लगभग 2600 यात्रियों की क्षमता वाली यह ट्रेन भारत की तकनीकी उपलब्धि का गौरवपूर्ण उदाहरण है।

नम्बरदार सुरेश पाल ने कहा कि लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई गति देगा। इससे दिल्ली से कटरा तक की यात्रा का समय काफी कम होगा तथा हरियाणा के झज्जर, सोनीपत, जींद और कैथल जिलों को बेहतर सडक़ संपर्क मिलेगा।

उन्होंने अंबाला-काला आम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग के लोकार्पण का स्वागत करते हुए कहा कि लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क को और अधिक मजबूत करेगी। इससे उद्योगों के परिवहन समय एवं लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा नारायणगढ़, शहजादपुर और काला आम्ब सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

नम्बरदार सुरेश पाल ने कहा कि भिवानी में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय तथा लगभग 900 करोड से महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज जैसी स्वास्थ्य परियोजनाएं प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करेंगी। वहीं कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और सिख संग्रहालय जैसी परियोजनाएं यातायात, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देंगी।

उन्होंने कहा कि जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग, हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य सडक़ परियोजनाओं से किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी, स्थानीय रोजगार बढ़ेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उनके साथ अनूप सिंह अंधेरी, अवतार सिंह, अजैब सिंह, गुलाब पंजौड़ी, जरनैल बरसुमाजरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।