Surguja News Update : सूरजपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री साय सरगुजा संभाग साहू समाज एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में सम्मिलित होंगे। यह भव्य आयोजन रिंग रोड स्थित भक्त माता कर्मा चौक पर किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समाज के द्वारा बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई है। इसके साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।

मुख्यमंत्री फैलोशिप योजना के लिए आवेदन 31 तक
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं को शासन एवं नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री सुशासन फैलोशिप की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी पहल की घोषणा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा नवंबर 2024 में की गई थी। यह फेलोशिप कार्यक्रम इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को प्रशासनिक प्रक्रियाओं, नीति निर्माण एवं क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करना है, जिससे शासन की प्रभावशीलता और दक्षता में वृद्धि हो सके। कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को पूर्ण रूप से प्रायोजित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें समस्त शिक्षण शुल्क का वहन राज्य शासन द्वारा किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक फेलो को प्रति माह 50 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। यह कार्यक्रम दो वर्षों की अवधि का होगा, जिसमें प्रतिभागियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों एवं जिला कलेक्टर कार्यालयों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का चयन कैट स्कोर, समूह चर्चा एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इस फेलोशिप के लिए केवल छत्तीसगढ़ के निवासी पात्र होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है। इसके पश्चात अभ्यर्थियों के लिए व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई) 16 एवं 17 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे।
चयनित अभ्यर्थियों का पंजीकरण एवं दस्तावेज सत्यापन 15 जून को संपन्न होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 16 से 20 जून तक तैयारी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जबकि 22 से 24 जून तक उद्घाटन एवं अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित होगा। नियमित कक्षाओं का संचालन 25 जूनसे प्रारंभ किया जाएगा।
आग से झुलसी वृद्धा की उपचार के दौरान मौत
अंबिकापुर। सीतापुर थाना अंतर्गत ग्राम राईकेरा निवासी तबरून बीबी पति स्व. आरीफ (85 वर्ष) 26 मार्च की शाम 5 बजे चूल्हा में आग जलाकर भोजन बना रही थी जबकि बहू रेशा बाहर काम कर रही थी तभी वृद्धा चीखने चिल्लाने लगी तो बहू अंदर जाकर देखी तो वृद्धा आग की चपेट में आ गई थी। बहू ने किसी तरह आग बुझाने के पश्चात घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन वृद्धा को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई।
कीटनाशक पीने से गंभीर महिला की गई जान
अम्बिकापुर। बाग बहार थाना अंतर्गत ग्राम खुटापानी निवासी सीता बाई पैकरा पति तपेश्वर पैकरा (37 वर्ष) 26 मार्च की सुबह लगभग 6 बजे अज्ञात कारण से घर में रखे कीटनाशक को पी ली। घटना की जानकारी लगने पर परिजन उसे पत्थगांव अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के पश्चात मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया जहां बीती रात उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करने के पश्चात लाश का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द किया है।
आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्ची की मौत
अंबिकापुर। शुक्रवार की शाम मौसम में हुए बदलाव व तेज आंधी बारिश के दौरान गाज की चपेट में आने से एक बालिका की मौत हो गई। नाबालिग बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी। इस मामले में लुंड्रा पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया है। बताया जा रहा है कि लुंड्रा थाना अंतर्गत चलगली बकनाकला निवासी 13 वर्षीया सनमतिया आ. मटन राम 27 मार्च को मवेशी चराने के लिए गांव के समीप गई हुई थी। इस दौरान शाम लगभग 5 बजे तेज आंधी तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बच्ची एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी। गरज चमक के साथ हो रही बारिश के बीच पेड़ के नीचे खड़ी बच्ची पर ही आकाशीय बिजली गिर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साइकिल से गिरे वृद्ध की मौत
अंबिकापुर। साइकिल से घर लौट रहा वृद्ध रास्ते में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गया। दुर्घटना में गंभीर हुए वृद्ध की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जानकारी के अनुसार कापू थाना अंतर्गत ग्राम पखनाकोट निवासी भीम आ. स्व. जगमा (65 वर्ष) 20 मार्च को किसी काम के सिलसिले में साइकिल से धरमजगढ़ गया था। दोपहर बाद वापस घर लौटने लगा और जैसे ही कापू क्षेत्र में पहुंचा तभी रात लगभग 8.30 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गया। इधर घटना की जानकारी लगने पर परिजन वृद्ध को घर लेकर आ गए। दूसरे दिन वृद्ध की तबीयत ज्यादा खराब हो जाने पर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान बीती रात वृद्ध की मौत हो गई।
युवती ने फांसी लगाकर दी जान
अंबिकापुर। युवती ने अज्ञात कारण से घर के कमरे में दुपट्टा से फांसी लगा लिया। रघुनाथनपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सुमेरपुर चेन्द्रा निवासी हेमा पटेल आ. प्रमोद पटेल (21 वर्ष) 24 मार्च को घर में अकेली थी जबकि परिवार के लोग घर के बाहर काम कर रहे थे। इसी दौरान जब पिता अंदर गया तो देखा बेटी हेमा दुपट्टा के सहारे फांसी में लटकी थी। पिता ने शोर मचाते हुए किसी तरह दुपट्टा को काट बेटी को नीचे उतारा और तत्काल निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान बीती रात युवती की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करने के पश्चात लाश का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द किया है।
चार श्रम संहिताओं के खिलाफ 1 अप्रैल को मनाया जाएगा काला दिवस
बिश्रामपुर। सेन्ट्रल ट्रेड यूनियनों, स्वतंत्र केंद्रीय फेडरेशनों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के संयुक्त आह्वान पर 1 अप्रैल को पूरे देश में काला दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया है, यह विरोध केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही चार नई श्रम संहिताओं के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है, जिसे श्रमिक संगठनों ने अपने अधिकारों पर बड़ा खतरा बताया है, कोयलांचल क्षेत्र बिश्रामपुर समेत एसईसीएल के सभी खदान क्षेत्रों, वर्कशॉप और कार्यालयों में इस आह्वान का व्यापक असर देखने को मिलेगा, यहां कार्यरत हजारों की संख्या में कोल कर्मचारी काले बैज और काली पट्टी बांधकर काम करते हुए अपना विरोध दर्ज कराएंगे, श्रमिक संगठनों के अनुसार नई श्रम संहिताओं के लागू होने से कर्मचारियों के पारंपरिक अधिकारों में कटौती की आशंका है, उनका कहना है कि इससे स्थायी रोजगार की सुरक्षा कमजोर हो सकती है, ठेका प्रथा को बढ़ावा मिल सकता है, काम के घंटे और शर्तों में बदलाव संभव है, ट्रेड यूनियनों की ताकत पर असर पड़ सकता है। यूनियन नेताओं का आरोप है कि इन कानून को बिना व्यापक सहमति के लागू किया जा रहा है, जिससे मजदूरों के हित प्रभावित होंगे, बिश्रामपुर क्षेत्र के कोयला खदानों में भी इस बार विरोध का तरीका अलग और प्रतीकात्मक होगा, कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर काम जारी रखते हुए काले बैज और पट्टियां पहनेंगे, बताया गया कि सुबह की शिफ्ट से ही यह विरोध शुरू हो जाएगा, जिसमें मजदूर, तकनीकी कर्मचारी, अधिकारी और यूनियन पदाधिकारी शामिल होंगे। इस सम्बन्ध में पिछले कुछ दिनों से विभिन्न श्रमिक संगठनों की लगातार बैठकें हो रही हैं, श्रमिक संगठनों के अनुसार यह सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि श्रमिकों के हितों की भविष्य की लड़ाई है।
6 दिन से लापता वृद्ध का कुएं में मिला शव
बलरामपुर। शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम दोहना में उस समय सनसनी फैल गई, जब कुएं में एक वृद्ध का शव मिला। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले छह दिनों से लापता था और परिजन सहित गांव के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम दाहना निवासी वृद्ध सुंदरा लकड़ा छह दिन पूर्व घर से निकला था जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा। वृद्ध के घर वापस नहीं आने पर परिजन सहित गांव के लोग लगातार वृद्ध की तलाश कर रहे थे लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी वृद्ध का कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे कुछ लोग जब कुआं के पास गए तो पानी में शव नजर आया। इधर कुएं में शव होने की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए साथ ही तत्काल घटना की सूचना शंकरगढ़ पुलिस को दी। गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से शव का बाहर निकाल शिनाख्त कराया तो शव पिछले छह दिनों से लापता सुंदरा के रूप में की गई।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

