Surguja News Upadate : अंबिकापुर। विकासखंड मैनपाट के रायगढ़ सरहदी क्षेत्र कापू रेंज में बरिमा निवासी 65 वर्षीया एतवारी मांझी को जंगली हाथियों ने कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि वृद्धा लकड़ी लेने के लिए कापू रेंज की ओर गई हुई थी तभी उसका जंगली हाथियों से सामना हो गया। मैनपाट रेंजर फेंकू चौबे ने बताया कि बरिमा निवासी एतवारी बाई पति सांझू मांझी गांव से करीब चार किमी दूर कापू रेंज की ओर लकड़ी लेने के लिए गई हुई थी और वापस नहीं लौटी। दूसरे दिन आज परिजन और गांव वाले जब जंगल में पहुंचे तो उसका क्षतविक्षत शव पाया। उन्होंने बताया कि कापू रेंज की ओर दो हाथी विचरण कर रहे थे। जिनके द्वारा बुजुर्ग महिला को कुचल मौत के घाट उतारा गया। रेंजर फेंकू चौबे ने बताया कि मैनपाट क्षेत्र में वन विभाग का मैदानी अमला लगातार सरहदी इलाकों का दौरा करते हुए हाथियों की निगरानी कर रहा है। गजराज वाहन के साथ टीम के द्वारा दो दिनों पूर्व की बरिमा और रायगढ़ सरहदी क्षेत्र का दौरा करते हुए ग्रामीणों को कापू रेंज में हाथी होने की जानकारी देते हुए उस ओर किसी को नहीं जाने सलाह दी गई थी। इसके बावजूद लापरवाही के चलते कुछ ग्रामीण हाथी विचरण क्षेत्र में चले जाते है। यहीं वजह बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बनी। उन्होंने बताया कि जिस ओर हाथी विचरण कर रहे हैं उस ओर वन अमला लगातार भ्रमण करते हुए हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों को लगातार सतर्क भी किया जा रहा है।

स्कूल जा रही छात्रा के अपहरण का प्रयास

सूरजपुर। विश्रामपुर थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्रा के अपहरण की कोशिश की गई। वारदात में पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। मिली जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्टेशनपारा में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत नाबालिग छात्रा जब स्कूल जा रही थी तो प्रातः दस बजे कार में सवार चार युवक उसे रोककर कुछ सुंघने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन छात्रा ने युवक का हाथ दांत से काट दिया और हाथ छूटते ही वह तेजी से विद्यालय में प्रवेश कर गई और शिक्षक को घटना की जानकारी दी। शिक्षक ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल परिजनों को इस मामले की जानकारी दी और पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। नाबालिग छात्रा के अपहरण की कोशिश जैसी घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और अनहोनी की आशंका से लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। अपहरण और किसी अनहोनी के खबर ने पुरे विश्रामपुर में डर का माहौल पैदा कर दिया पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए पूछताछ शुरू करते हुए आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी और शक के आधार पर एक कार को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ करने लगी। नाबालिक बच्ची व परिजनों सहित स्कूल के टीचर से पूछताछ में पुलिस को ऐसी किसी भी घटना की जानकारी नहीं होने व नाबालिक लड़की द्वारा अपने बयान को बार-बार बदलने पर पुलिस को संदेह होने लगा। पांच घंटे तक नाबालिक से पूछताछ पर पुलिस को किसी भी प्रकार की कोई भी ऐसी जानकारी नहीं मिल पाया जिससे ये स्पष्ट हो सके की अपहरण की कोई कोशिस भी हुई है। थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि हम सभी एंगल से जांच कर रहें है।

ट्रक का ब्रेक फेल होने से जान बचाने कूदे क्लीनर की मौत

अंबिकापुर। कुसमी के ग्राम जामटोली में बाक्साईड लोड ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। जान बचाने चलती ट्रक से क्लीनर कूदा और सिर के बल गिरने से उसे गंभीर चोट आने पर मिशन चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि गढ़वा के ग्राम सोनबरसा निवासी चंदीप पाल पिता संजय पाल 23 वर्ष अपने जीजा ट्रक चालक छोटू पाल के साथ ट्रक में क्लीनर का काम करता है। 23 फरवरी को ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईए 5208 में सामरी से बाक्साईड लोड कर मेराल गढ़वा जाने निकले थे। रास्ते में कुसमी जामटोली के समीप ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और जीजा छोटू ने उसे बताया कि ब्रेक फेल हो गया है। चंदीप दरवाजा खोद कूदने का प्रयास किया लेकिन उसका शर्ट गेट में फंस गया और वह सिर के बल नीचे गिरा। ट्रक को छोटू किसी तरह रोक उसे कुसमी चिकित्सालय लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया था।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर संवेदनशील पहल

जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ के सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा, सीडीपीओ सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रशासनिक एवं कार्य संबंधी समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिन मुद्दों का निराकरण जिला स्तर पर संभव है, उन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। राज्य स्तर से संबंधित विषयों को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

कुपोषण मुक्त जशपुर के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान –

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जिले को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों की आंगनबाड़ी केंद्रों में शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक नाश्ता, भोजन, समुचित देखभाल एवं प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। सुपोषण आहार का नियमित वितरण कर कुपोषण की रोकथाम सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों को आवश्यक उपचार हेतु एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्य में प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के विषय में जिला स्वास्थ्य समिति में चर्चा करने की बात भी कही।

मानदेय कटौती पर स्पष्ट निर्देश –

संघ के सदस्यों ने बिना पूर्व सूचना मानदेय कटौती की समस्या भी उठाई। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से केंद्र में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और अवकाश लेने से पूर्व विधिवत सूचना दें। साथ ही उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि बिना नोटिस दिए मानदेय में कटौती न की जाए। अनावश्यक कटौती पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संघ द्वारा आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की अनुपलब्धता के कारण ई-केवाईसी में आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने इस समस्या के समाधान हेतु विशेष आधार शिविर आयोजित कर छूटे हुए हितग्राहियों के आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर व्यास ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं की जमीनी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण से ही बच्चों के समुचित पोषण एवं विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की हुई मौत

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की मृत्यु हो गई। वे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी धनंजय मिश्रा। माध्यम विद्यालय, फरसाबहार में पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार 47 वर्षीय धनंजय कुमार मिश्रा प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह अपने घर कुनकुरी से विद्यालय फरसाबहार के लिए बाइक से निकले थे। सुबह लगभग 11 बजे सिंगीबहार मेन रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक और उनकी बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें ट्रक चालक नसीम अंसारी धमधा (रायपुर) से अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

एक करोड़ से अधिक की राशि की हेराफेरी, लिपिक निलंबित

अंबिकापुर। जिला प्रशासन द्वारा वित्तीय अनियमितता के मामले में कार्रवाई करते हुए उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग अम्बिकापुर कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 प्रदीप कुमार अम्बष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारी के द्वारा हितग्राहियों के अंशदान की राशि 44 लाख 54 हजार 700 रूपए उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अम्बिकापुर जिला सरगुजा के खाता क्रमांक 32384036588 में जमा नहीं की गई। वहीं पशु रोगी कल्याण समिति सरगुजा के खाता क्रमांक 1037917860 में राशि 63 लाख 29 हजार 640 रूपए जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस संबंध में प्रदीप अम्बष्ट को माह जुलाई 2025 में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, किंतु उनके द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। तत्पश्चात पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में पाया गया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि प्रदीप अम्बष्ट द्वारा 14 अगस्त 2025 को उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग अम्बिकापुर के लेटरहेड का उपयोग व्यक्तिगत कार्य में किया गया, जो शासकीय नियमों के विपरीत है।