Surguja News Update : अंबिकापुर। शहर के बौरीपारा व गांधीनगर क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों ने फांसी लगा जान दे दी। पुलिस ने बताया कि दरिमा के ग्राम अड़ची निवासी उर्मिला दास पिता स्व. गोकूल दास 23 वर्ष लटोरी में अपने चाचा पवन दास के यहां रहकर शहर के कपड़ा दुकान में काम करती थी। उसका पांच माह पूर्व रजपुरी निवासी मुकेश दास से शादी तय हुआ था। मुकेश बौरीपारा में अपने भाई के साथ किराए में रहकर पढ़ाई करता था। एक माह पूर्व मुकेश बिलासपुर पीएससी की तैयारी करने चला गया था और उसका एक माह से उर्मिला से बात बंद हो गया था। इसी बात को लेकर उर्मिला गुमशुम रहती थी।

घटना दिवस कल 28 फरवरी को उर्मिला अपनी चचेरी बहन रिंकी के साथ बौरीपारा पहुंची थी और रिंकी व मुकेश के भाई को बोली की घंटा में आना और दरवाजा बंद कर ली थी। दोनों थोड़ी देर में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं होने से दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किए तो उर्मिला फांसी पर लटकी मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फांसी से उतार पंचनामा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बगीचा के ग्राम कामारिमा निवासी आकांक्षा टोप्पो पिता स्व. मघनु टोप्पो 23 वर्ष गांधीनगर मुक्तिपारा में किराए में रहकर मजदूरी का काम करती थी। कल वह मजदूरी करने नहीं गई थी। पड़ोसी काम कर लौटे तो देखा कि उसका दरवाजा बंद है। आवाज देने के बाद भी आकांक्षा ने जब जवाब नहीं दिया तो मकान मालिक को घटना की जानकारी दिए। सूचना पर पहुंची मकान मालिक ने खिड़की से देखा कि वह फांसी पर लटकी है। सूचना पर पहुंची गांधीनगर पुलिस ने शव फांसी से उतार पंचनामा पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

भव्य रूप से संपन्न हुआ कृषक सम्मेलन

एमसीबी। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह सह कृषक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया था।कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर किसानों में विशेष उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प के अनुरूप होली पर्व से पहले राज्य के अन्नदाताओं को 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन से राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी की। इसी क्रम में एमसीबी जिले के तीनों विकासखंडकृमनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाभान्वित किया गया। जिले के कुल 15 हजार 852 किसानों को 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपये 60 पैसे की राशि प्रदान की जाएगी। यह सहायता आगामी खेती सीजन की तैयारी, बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग सिद्ध होगी।

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसके अन्नदाता किसानों से है और प्रदेश सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि होली से पूर्व किसानों के खातों में राशि अंतरित कर सरकार ने अपना वादा निभाया है। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।

ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ऑनलाइन ई-चालान प्रक्रिया

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में अब यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर अब मौके पर ही ऑनलाइन ई-चालान काटा जाएगा। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिले में ई-चालान प्रणाली की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।

जिले के तीन थाना क्षेत्रों बलरामपुर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में प्रथम चरण में ऑनलाइन ई-चालान प्रक्रिया लागू कर दी गई है। अब यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर वाहन चालकों का चालान डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इससे चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश कम होगी।यातायात विभाग के अधिकारियों के अनुसार ई-चालान के माध्यम से वाहन नंबर के आधार पर सीधे ऑनलाइन जुर्माना दर्ज किया जाएगा, जिसकी जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर भी भेजी जाएगी। इससे रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और भुगतान की प्रक्रिया भी आसान होगी। जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ई-चालान प्रणाली शुरू की गई है। प्रथम चरण में बलरामपुर,रामानुजगंज और वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में इसे लागू किया गया है। आगे इसे पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें।तो अब बलरामपुर जिले में नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं है। प्रशासन की इस पहल से जहां व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, वहीं सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पेट्रोल पंप पर उत्पात मचाने वाले चार गिरफ्तार

सूरजपुर। सूरजपुर के झिलमिली थाना क्षेत्र के खाड़पारा स्थित पेट्रोल पंप उत्पात मचाने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही देखने को मिली है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 4 आरोपियों सहित तीन वाहनों को जप्त किया है। दरअसल खाड़पारा स्थित पेट्रोल पंप में कुछ युवकों द्वारा तेज आवाज में गाना बजा और हाथों में शराब की बोतल लेकर उत्पात मचाया गया था। इस दौरान पम्प कर्मचारियों और हुड़दंग मचा रहे युवकों के बीच विवाद हो गया था। जिसका वीडियो किसी ने बना सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिसमे युवक नशे की हालत में रात में शराब की बोतल लेकर कार की छत में बैठकर गाना बजाते नजर आ रहे है,, जिसके बाद जब ऐसी हरकत करने को लेकर पेट्रोल पंप की महिला कर्मचारी व अन्य स्टाफ ने मना किया तो युवकों ने दुबारा आकर विवाद और मारपीट किया। घटना का विडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद झिलमिली पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की शिकायत पर पांच युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए वाहनों को जब्त किया है और आगे की कार्रवाई में जुटी गई है ।

गर्मी में पानी की किल्लत से राहत

एमसीबी। एमसीबी जिले के खड़गंवा क्षेत्र में हर साल गर्मियों के दौरान ग्रामीण इलाकों में पानी की भारी किल्लत देखने को मिलती है।खासकर शादी-विवाह, अन्नप्राशन और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आज एक बड़ी पहल की गई है। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़गंवा क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर उपलब्ध कराए। मंत्री ने स्वयं हरी झंडी दिखाकर और ट्रैक्टर में लगे टैंकर को चलाकर इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने बताया कि पहले चरण में 28 पंचायतों को टैंकर सौंप दिए गए हैं, जबकि शेष पंचायतों को भी जल्द ही टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत आज दो पंचायतों में सांकेतिक रूप से टैंकर सेवा की शुरुआत की गई है।

गर्मियों में गांवों में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान पानी की सबसे ज्यादा परेशानी होती है। शादी-विवाह, अन्नप्राशन या किसी भी आयोजन में लोगों को भटकना पड़ता है। हर पंचायत में एक टैंकर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में किसी भी पंचायत को पानी की कमी से जूझना न पड़े।