Suryakumar Yadav poor form IPL 2026: क्रिकेट की दुनिया में बल्लेबाजों का फॉर्म कभी परमानेंट नहीं होता. ये कभी जाता है तो कभी आता है. जब फॉर्म नहीं होता, तो बल्लेबाज एक-एक रन को तरस जाता है. लाख कोशिशों के बाद भी उसके बल्ले से चौके-छक्के नहीं निकल पाते. पिछले डेढ़ साल से ऐसा ही कुछ हो रहा है मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव के साथ, जिन्होंने पहले टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के लिए बल्ले से कुछ खास नहीं किया और अब वो आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए विलेन बन चुके हैं.

आईपीएल 2026 में अब तक 7 मैच खेल चुके सूर्या की बल्लेबाजी देखकर फैंस ये कह रहे हैं कि सूर्या के बल्ले से जंग लग चुकी है. 23 अप्रैल की रात वानखेड़े में चेन्नई के खिलाफ मिली 103 रनों की शर्मनाक हार ने सूर्या की खराब फॉर्म पर एक बार फिर मुहर लगा दी है. मुंबई की टीम जब 208 रनों का पीछा कर रही थी, तो उसे सूर्या के ‘तूफान’ की जरूरत थी, लेकिन सूर्या के बल्ले से केवल 35 रन निकले. नतीजा यह हुआ कि 5 बार की चैंपियन मुंबई महज 104 रनों पर ढेर हो गई और उसे आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी.

सूर्या ने आईपीएल 2026 में क्या किया है?

हैरानी की बात यह है कि इस सीजन के 7 मैचों में से 5 बार सूर्या पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं. जब-जब टीम को उनकी बड़ी पारी की जरूरत पड़ी, सूर्या ने बीच मझधार में साथ छोड़ दिया. सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2026 में अब तक 7 मैच खेलकर 22.28 की औसत से सिर्फ 156 रन बना पाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 141.81 का है. सूर्या ने अब तक सिर्फ 17 चौके और 4 छक्के लगाए हैं. ये वही सूर्या हैं, जो मुंबई के लिए रन मशीन कहलाते थे, लेकिन इस सीजन कहानी उलट है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी दिया था धोखा

दरअसल, सूर्या की खराब फॉर्म का सिलसिला आईपीएल से नहीं, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ही शुरू हो गया था. भले ही टीम इंडिया चैंपियन बनी, लेकिन सूर्या के बल्ले ने वहां भी ‘धोखा’ दिया था. उन्होंने 9 मैचों में केवल 242 रन बनाए थे. पिछले करीब 2 सालों से सूर्या उस लय में नजर नहीं आ रहे हैं, जिसके लिए वे जाने जाते थे.

मुंबई की ‘लुटिया’ डुबोने के जिम्मेदार?

मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में नंबर 8 पर संघर्ष कर रही है. हार्दिक की कप्तानी वाली इस टीम के पास 7 मैचों में सिर्फ 4 अंक हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि सूर्या के नाम इस लीग के इतिहास के 173 मैचों में 34.37 की औसत से कुल 4468 रन दर्ज हैं. उन्होंने 2 शतक और 30 फिफ्टी मारी हैं. इतने बढ़िया आंकड़ों के बाद भी सूर्या इस सीजन कुछ नहीं कर पा रहे. अगर सूर्या जल्द ही अपनी ‘रन मशीन’ वाली छवि में वापस नहीं लौटे, तो मुंबई के लिए प्लेऑफ के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे.

मैच का लेखा-जोखा

आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हरा दिया. आईपीएल इतिहास में चेन्नई की यह सबसे बड़ी जीत रही, जबकि मुंबई को रनों के मामले में सबसे बड़ी शिकस्त मिली. चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 207/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. संजू सैमसन ने 104 रनों की पारी खेली. इसके बाद रन चेज में मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. पूरी टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई. मुंबई के लिए तिलक वर्मा (37) और सूर्यकुमार यादव (35) ही दोहरे अंक में पहुंच सके, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके. चेन्नई के लिए अकील हुसैन ने 17 रन देकर 4 विकेट निकाले.