अभिषेक सेमर, तखतपुर। क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में बुधवार को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने अपनी जमीन के सीमांकन नहीं होने से परेशान होकर आत्मदाह करने की चेतावनी देते हुए प्रशासन को आवेदन सौंपा। मामला सकरी तहसील अंतर्गत ग्राम संबलपूरी का है, जहां के निवासी गौरीशंकर सूर्यवंशी लंबे समय से अपनी भूमि के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
गौरीशंकर सूर्यवंशी का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित राजस्व अधिकारियों से सीमांकन कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि बार-बार आवेदन और निवेदन के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे वे मानसिक रूप से बेहद परेशान और आहत हैं।


राजस्व निरीक्षक पर लापरवाही का आरोप
सुशासन तिहार शिविर में दिए गए आवेदन में उन्होंने स्पष्ट उल्लेख किया है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी जमीन का सीमांकन नहीं कराया गया तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। आवेदन में उन्होंने विशेष रूप से संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
सुशासन तिहार के शिविर में आत्मदाह की चेतावनी वाला आवेदन सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल एक परेशान ग्रामीण द्वारा आत्मदाह की चेतावनी ने राजस्व व्यवस्था और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं इस मामले को लेकर संबंधित आरआई का पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

