हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के संदिग्ध गुर्गों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग के मामले में संदिग्ध आरोपी अंकित कुमार पांडेय को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
मामला बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड का है, जहां 25 जुलाई की रात दो हाइवा वाहनों पर गोलीबारी की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस संबंध में बड़कागांव थाने में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। उसके मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों से कथित चैट सामने आई।
पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान बरामद करने के लिए पिपराडीह गांव के पास स्थित एक बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची थी।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान अंकित ने एक जवान को धक्का दिया और बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चला दी। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। इनमें—
एक देसी पिस्तौल
7.62 एमएम का एक खोखा
एक मिसफायर गोली
एक जिंदा गोली
एक देसी बम
चार धमकी भरे पर्चे
शामिल हैं। पुलिस इन सामानों को 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हुई गोलीबारी से जोड़कर जांच कर रही है।
पूछताछ में फायरिंग की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने अन्य साथियों के साथ गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि घटना के बाद मौके पर प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे भी छोड़े गए थे।
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम बरामदगी के लिए वहां पहुंची थी।
एसपी बोले- सभी संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग के मामले में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े सभी संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के घायल होने की भी पुष्टि की है।
एसपी ने कहा कि पूरे मामले को लेकर पुलिस जल्द प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी देगी। फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


