रतिया। हरियाणा के रतिया से विधायक जरनैल सिंह को कांग्रेस से निलंबन के बाद अब बीजेपी सरकार में विशेष तवज्जो मिलने लगी है। सोमवार को रतिया में आयोजित एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर जरनैल सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया।

जिले में यह पहली बार हुआ है कि किसी विपक्षी विधायक को इतने बड़े सरकारी मंच पर मुख्य अतिथि बनाया गया हो। इस दौरान उन्होंने बीजेपी जिलाध्यक्ष के साथ मिलकर रतिया खंड की गौशालाओं बांटे करोड़ों के चेक को सरकार की ओर से 3 करोड़ रुपये से अधिक के अनुदान चेक वितरित किए।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद कांग्रेस द्वारा निलंबित किए गए जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया है और अब रतिया के विकास की गाड़ी तेज रफ्तार पकड़ेगी।

विधायक ने सीएम को अब तक का सबसे बढ़िया मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद उन्हें पूरी पावर दी गई है। रतिया में बदलते इन राजनीतिक समीकरणों और पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा के बीजेपी में शामिल होने से इस क्षेत्र में कांग्रेस के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।